बिलासपुर में शिक्षा विभाग के रिटायर्ड अकाउंटेंट ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर बैंक अकाउंट से करीब 1 लाख 40 हजार रुपए पार कर दिया। उनके मोबाइल पर शादी का निमंत्रण कार्ड के साथ ठगों ने APK फाइल शेयर किया, जिसे क्लिक करते ह

.

कपिल नगर निवासी जनार्दन प्रसाद (64) शिक्षा विभाग के रिटायर्ड अकांउेंट हैं। उनके मोबाइल पर 3 सितंबर को एक अनजान नंबर से व्हाट्सऐप मैसेज आया था। मैसेज में शादी का निमंत्रण कार्ड भेजा गया था। निमंत्रण कार्ड एपीके फाइल के रूप में था। जनार्दन प्रसाद ने इसे किसी परिचित की तरफ से भेजा गया निमंत्रण समझकर फाइल पर क्लिक कर दिया।

निमंत्रण कार्ड खोलते ही हैक हो गया मोबाइल

फाइल पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैंग होने लगा। कुछ समय तक वह मोबाइल में आई समस्या को समझ नहीं सके। बाद में मोबाइल की जांच कराने पर पता चला कि साइबर ठगों ने उनके मोबाइल को हैक कर लिया था।

इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से 1 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए। बाद में पीड़ित को इसकी जानकारी हुई। तब उन्होंने घटना की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

साइबर ठगी से बचने इस तरह बरतें सावधानियां

  • शादी के कार्ड के नाम पर APK फाइल आए तो रहें सावधान
  • अनजान नंबर से आए शादी के निमंत्रण कार्ड या लिंक पर क्लिक न करें।
  • APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल बिल्कुल न करें। एंड्रायड मोबाइल में APK इंस्टॉल होने के बाद ठग मोबाइल की संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
  • व्हाटसऐप पर आया कोई अनजान PDF, APK या संदिग्ध लिंक खोलने से पहले भेजने वाले की पहचान फोन कर सुनिश्चित करें।
  • मोबाइल में इंस्टाल अननोन ऐप या अननोन सोर्सेज की अनुमति बंद रखें।
  • किसी भी वेबसाइट या ऐप को SMS, बैंकिंग, OTP, UPI PIN या कार्ड की जानकारी न दें।
  • बैंक खाते से जुड़ा OTP, UPI PIN और CVV कभी साझा न करें।
  • मोबाइल में कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हो गया है तो तुरंत इंटरनेट बंद करें, संदिग्ध ऐप हटाएं और बैंक से संपर्क कर खाते/कार्ड को सुरक्षित कराएं।
  • खाते से पैसे निकल गए हैं तो तुरंत 1930 पर साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
  • मोबाइल में बैंकिंग ऐप और जरूरी खातों के पासवर्ड/PIN सुरक्षित डिवाइस से बदलें।