भारत चालू वित्त वर्ष में हासिल करेगा 1 ट्रिलियन डॉलर का निर्यात लक्ष्य: पीयूष गोयल
भारत चालू वित्त वर्ष में हासिल करेगा 1 ट्रिलियन डॉलर का निर्यात लक्ष्य: पीयूष गोयल
IANS
08 Oct 2026
15:35 IST
New Update
/newsnation/media/media_files/thumbnails/202610083970986-164125.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत ने पिछले वित्त वर्ष में 863 अरब डॉलर का निर्यात किया था और इस साल देश ने 1 ट्रिलियन डॉलर का निर्यात हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह सालाना आधार पर 16 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
भारत ने यह लक्ष्य ऐसे समय पर निर्धारित किया है, जब अंतरराष्ट्रीय व्यापार के सिर्फ 2.5 प्रतिशत से 3 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है, जबकि वैश्विक अर्थव्यवस्था की विकास दर इस दौरान 3 प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है।
गोयल ने राष्ट्रीय राजधानी में 31वें सीआईआई पार्टनरशिप समिट को संबोधित करते हुए कहा, जब दुनिया दीवारें (टैरिफ) बना रही थी, तब भारत पुल (एफटीए) बना रहा था।
गोयल ने कहा कि 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य सिर्फ सरकार ने ही नहीं, बल्कि भारत के लोगों और व्यवसायों ने तय किया है। इनमें 6.3 करोड़ एमएसएमई, बड़े और छोटे उद्योग, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और लगभग 2,50,000 स्टार्टअप शामिल हैं।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने भी चालू वर्ष के लिए अपने ग्रोथ अनुमान बढ़ा दिए हैं और भरोसा जताया है कि भारत 7 प्रतिशत से ज्यादा की दर से बढ़ता रहेगा और सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे करने की अहम उपलब्धि का जिक्र किया। उन्होंने इसे 25 साल की लगातार जन-सेवा और बेदाग कामकाज का रिकॉर्ड बताया, जिसका मकसद भारत को एक ताकतवर देश बनाना और 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना है।
वहीं, इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें एडिशन का जिक्र करते हुए, गोयल ने कहा कि पीएम मोदी ने याद दिलाया कि डिजिटल इंडिया मुहिम की वजह से पिछले 12 सालों में देश को 5 लाख करोड़ रुपए की बचत हुई है।
प्रधानमंत्री ने हमेशा आसान रास्ते के बजाय सुधार का रास्ता चुना है। गोयल ने इसके उदाहरण के तौर पर देश भर में अलग-अलग टैक्स सिस्टम को एक ही दायरे में लाने के लिए जीएसटी लागू करने और क्षेत्रीय पावर ग्रिड को एक नेशनल ग्रिड में जोड़ने का जिक्र किया।
–आईएएनएस
एबीएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.