iPhone 18 Pro Max की भारत में कीमत करीब 1,59,900 रुपये होने का दावा किया जा रहा है। फोन में नए कलर ऑप्शन, A20 Pro चिप, 48MP कैमरा सेटअप और छोटा Dynamic Island मिलने की उम्मीद है।
कैलिफोर्निया की टेक कंपनी Apple की अगली फ्लैगशिप सीरीज iPhone 18 Pro को लेकर अब तक कई बड़े लीक्स सामने आ चुके हैं। कंपनी इस साल iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ अपने पहले फोल्डेबल iPhone को भी पेश कर सकती है। अब नई रिपोर्ट्स में फोन की संभावित कीमत, सेल की डेट और नए कलर ऑप्शंस को लेकर अहम जानकारी सामने आई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max इस बार तीन नए कलर ऑप्शंस में पेश किए जा सकते हैं। टिप्स्टर की ओर से शेयर की गई जानकारी के अनुसार फोन Burgundy, Pure Black और Sky Blue रंगों में आ सकता है। खास बात यह है कि Apple पिछले साल iPhone 17 Pro सीरीज में दिए गए Cosmic Orange, Deep Blue और Silver कलर को इस बार बदल सकता है। नए Burgundy शेड को डीप रेड कलर के तौर पर देखा गया है, जबकि Sky Blue हल्का नीला रंग होगा। Pure Black की वापसी भी Pro मॉडल्स में खास बदलाव मानी जा रही है।
लीक हुई फोटो में चार कलर्स दिखाए गए हैं, लेकिन टिप्स्टर का दावा है कि इनमें से तीन ही सेल के लिए उपलब्ध होंगे और एक Titanium ऑप्शन को शामिल नहीं किया जाएगा। हालांकि, फाइनल कलर ऑप्शंस Apple के आधिकारिक लॉन्च के समय ही कन्फर्म होंगे।
इतनी हो सकती है iPhone 18 Pro Max की कीमत
iPhone 18 Pro Max को लेकर सबसे बड़ी चर्चा इसकी कीमत की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में इसकी शुरुआती कीमत करीब 1,59,900 रुपये हो सकता है। वहीं iPhone 18 Pro की कीमत लगभग 1,39,900 रुपये रहने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर यह कीमत सही साबित होती है तो iPhone 18 Pro Max पिछले साल के Pro Max मॉडल की तुलना में महंगा हो सकता है। हालांकि, Apple ने अभी भारत में कीमत की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है और इसलिए इन आंकड़ों को फिलहाल अनुमान के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
बता दें, Apple ने अपने अगले बड़े लॉन्च इवेंट की डेट 9 सितंबर, 2026 तय की है। ‘Surprise and Shine’ नाम के इस इवेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max पेश किए जाने की उम्मीद है। इवेंट Apple Park, Cupertino में होगा और भारतीय समय के मुताबिक यह रात करीब 10:30 बजे शुरू होगा। रिपोर्ट्स में संकेत दिया गया है कि नए Pro मॉडल्स की सेल सितंबर में ही शुरू हो सकती है।