Mumbai News: मुंबई में दूध के दाम बढ़ने जा रहे हैं. त्योहारों के सीजन से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लग सकता है. मुंबई दुग्ध उत्पादक संघ ने ताजे भैंस के दूध के थोक भाव में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला किया है. नई दरें 1 सितंबर 2026 से लागू होने की बात कही गई है. इसके बाद फिलहाल 93 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला ताजा भैंस का दूध थोक बाजार में 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा. खुदरा बाजार में भी दूध की कीमत बढ़ने की संभावना है और इसका भाव 105 से 107 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकता है.

मुंबई दुग्ध उत्पादक संघ के अनुसार, पशुपालकों की बढ़ती लागत को देखते हुए दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है. संघ का कहना है कि पिछले कुछ समय में दुधारू पशुओं की कीमतों के साथ-साथ उनके रखरखाव और पशु आहार की लागत में भी लगातार इजाफा हुआ है. दाना, तूर चूनी, चना चूनी, खली, घास और पिंडा समेत अन्य पशु आहार की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का दावा किया गया है. ऐसे में दूध उत्पादन की लागत बढ़ने के कारण उत्पादकों ने थोक कीमत में बढ़ोतरी का निर्णय लिया.

9 रुपए प्रति लीटर महंगा होगा दूध

नई दरों के तहत ताजा भैंस के दूध का थोक भाव 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा. यानी एकमुश्त 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. हालांकि, थोक भाव बढ़ने के बाद खुदरा बाजार में अंतिम कीमत कितनी होगी, यह वितरण लागत और स्थानीय विक्रेताओं के मार्जिन पर निर्भर करेगा. फिलहाल खुदरा बाजार में करीब 98 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला ताजा दूध 105 से 107 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है. इस संबंध में 31 अगस्त को अंतिम रेट लिस्ट तय होने की संभावना है.

बाजार पर भी पढ़ेगा असर

दूध की कीमत बढ़ने का असर सिर्फ घरों के बजट तक सीमित नहीं रह सकता है. दूध महंगा होने से चाय, मिठाई, दही, लस्सी, घी और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका है. त्योहारों के दौरान दूध और उससे बने उत्पादों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है.

नई दरें 1 सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक छह महीने के लिए लागू रहने की बात कही गई है. इसके बाद उत्पादन लागत और बाजार की परिस्थितियों की समीक्षा के आधार पर आगे की कीमतों पर फैसला किया जा सकता है. अब सबकी नजर 31 अगस्त को तय होने वाली अंतिम खुदरा रेट लिस्ट पर टिकी है.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button