
रेखा गुप्ता, कैग रिपोर्ट, विधानसभा.
दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को केजरीवाल सरकार के दौरान वित्तीय वर्ष 2024-25 की कैग रिपोर्ट पेश की. CAG की रिपोर्ट में कहा गया है कि सब्सिडी की वजह से कैपिटल खर्च में “लगातार बढ़ोतरी” के बजाय “गिरावट का रुझान” देखा गया. साल 2024-25 के लिए राज्य के वित्त पर आई रिपोर्ट में कहा गया है, “GNCTD के खर्च में रेवेन्यू खर्च (88.38 %) की ज्यादा बढ़ोतरी का असर रहा, खासकर तय खर्चों और सब्सिडी का, जिससे कैपिटल इन्वेस्टमेंट के लिए बहुत कम वित्तीय गुंजाइश बची.
कैग रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली सरकार के खर्च में रेवेन्यू खर्च (88.38%) की ज्यादा बढ़ोतरी रही, खासकर कमिटेड लागत और सब्सिडी की वजह से, जिससे कैपिटल इन्वेस्टमेंट के लिए सीमित वित्तीय गुंजाइश बची. 2015-25 की अवधि के दौरान सब्सिडी में 3,222 करोड़ रुपए (172.48 प्रतिशत) की बढ़ोतरी हुई, जिसका मुख्य कारण बिजली सब्सिडी में 2,033 करोड़ रुपए(128.83 प्रतिशत) की वृद्धि थी.
2015-25 की अवधि के दौरान कैपिटल खर्च में गिरावट का रुझान दिखा, जो कुल खर्च का 7% से 15 % के बीच रहा, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट और कैपिटल निर्माण में बाधाओं का पता चलता है.
कैपिटल खर्च में गिरावट का रुझान
कैपिटल खर्च में लगातार बढ़ोतरी के बजाय गिरावट का रुझान दिखा है, जो दिल्ली सरकार ( GNCTD ) द्वारा लॉन्ग-टर्म एसेट्स और इंफ्रास्ट्रक्चर में इन्वेस्टमेंट में कमी का संकेत देता है. साल 2021-22 में यह ₹8,311 करोड़ था, जो धीरे-धीरे घटकर साल 2024-25 में ₹3,695 करोड़ हो गया. पिछले कुछ वर्षों में अर्थव्यवस्था के मुकाबले कैपिटल खर्च का कुल हिस्सा कम हो रहा है, जिससे पता चलता है कि GNCTD ने अपने विकास लक्ष्यों के अनुरूप एसेट निर्माण को लगातार प्राथमिकता नहीं दी है. रिपोर्ट के मुताबिक इस पैटर्न का मतलब है कि इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास कार्यक्रमों में लगातार इन्वेस्टमेंट के लिए सीमित वित्तीय गुंजाइश है, जिससे लॉन्ग-टर्म आर्थिक विकास और सर्विस डिलीवरी पर असर पड़ सकता है.
कुल मिलाकर, दिल्ली सरकार का कर्ज का ट्रेंड वित्तीय दबाव का कम जोखिम, अनुशासित उधार और अनुकूल सस्टेनेबिलिटी इंडिकेटर्स दिखाता है. हालाँकि, यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार ध्यान देने की जरूरत है कि उधार का इस्तेमाल मुख्य रूप से कर्ज चुकाने के बजाय विकास को बढ़ावा देने वाले इन्वेस्टमेंट के लिए किया जाए.
इसलिए, संभावित विकास को तेज करने और हासिल करने के लिए फिजिकल और ह्यूमन कैपिटल निर्माण में लगातार इन्वेस्टमेंट खर्च के लिए ज़्यादा संसाधन उपलब्ध कराने के लिए, GNCTD को अतिरिक्त संसाधन जुटाने पर ध्यान देने की जरूरत है. अतिरिक्त टैक्स संसाधन मुख्य रूप से बेहतर टैक्स कलेक्शन, अनुपालन बढ़ाने के लिए एनफोर्समेंट को मज़बूत करने और नॉन-टैक्स रेवेन्यू बढ़ाने के अन्य उपायों से आने चाहिए.
दिल्ली सरकार के निवेश पर कम रिटर्न: CAG रिपोर्ट
CAG रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली सरकार द्वारा PSUs और सरकारी कंपनियों में किए गए इंवेस्टमेंट के मुकाबले आने वाला रिटर्न अच्छी स्तिथि में नहीं है. दिल्ली सरकार का कुल इन्वेस्टमेंट 21 हजार 810 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, लेकिन इस पर सालाना मिलने वाला रिटर्न 1% से भी कम है.
CAG रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2015-16 में यह निवेश 18 हजार 492 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में 21 हजार 810 करोड़ रुपये हो गया था, लेकिन इसके मुकाबले सरकार को डिविडेंड या मुनाफे बेहद कम मिला। जोकि दिल्ली सरकार की लागत के मुकाबले बहुत कम था.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा सदन में 2024-25 की CAG रिपोर्ट पेश करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि इस रिपोर्ट को मिलाकर 19 कैग रिपोर्ट हो गई है. पिछले 7 सालों में कोई CAG सदन में नहीं रखी गई थी. रिपोर्ट पर विचार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- मैन्युअल टेंडर से लेकर GST बकाये तक CAG रिपोर्ट पर BJP ने केजरीवाल पर बोला हमला

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More