बाबर आजम को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। इस अवॉर्ड को जीतते ही उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैच की टेस्ट सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। उनको यह अवॉर्ड वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स के साथ शेयर करना पड़ा क्योंकि इस हरफनमौला का प्रदर्शन भी सीरीज के दौरान काफी शानदार रहा था। इस प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीतते ही बाबर आजम ने पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। बाबर और रोहित के नाम अब इंटरनेशनल क्रिकेट में बराबर 10-10 प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड है। अगर बात इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट पर नजर डालें तो यहां विराट कोहली सबसे ऊपर पहले पायदान पर नजर आते हैं।
विराट कोहली के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड
विराट कोहली के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 22 प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। उनके अलावा इस लिस्ट में सिर्फ ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ही हैं, जिन्होंने 20 या उससे अधिक बार यह अवॉर्ड जीता है।
किंग कोहली सबसे ज्यादा 12 बार वनडे में प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। इसके अलावा उन्हें टेस्ट में 3 और टी20 में 7 बार इस अवॉर्ड से नवाजा गया।
वहीं मास्टर ब्लास्टर ने 20 बार अपने करियर में प्लेयर ऑफ दी सीरीज के अवॉर्ड को जीता। वह 5 बार टेस्ट में तो 15 बार वनडे में POTS बने।
बाबर आजम ने की रोहित शर्मा की बराबरी
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम का यह इंटरनेशनल क्रिकेट में 10वां प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड था। वह टेस्ट क्रिकेट में पहली बार इस अवॉर्ड को जीतने में कामयाब रहे हैं। इससे पहले वह वनडे में 4 बार और टी20 में 5 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज बन चुके हैं।
वहीं रोहित शर्मा ने 2 बार टेस्ट में, 6 बार वनडे और 2 बार टी20 में इस अवॉर्ड को जीता है।
बाबर आजम और रोहित शर्मा के अलावा स्टीव स्मिथ, कुमार संगाकारा, एबी डी विलियर्स, सौरव गांगुली और इमरान खान जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी अपने इंटरनेशनल करियर में 10-10 बार इस अवॉर्ड को जीत पाए हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी-
22 - विराट कोहली (टेस्ट - 3, ODIs - 12, T20Is - 7)
20 - सचिन तेंदुलकर (टेस्ट - 5, ODIs - 15)
17 - शाकिब अल हसन (टेस्ट - 5, ODIs - 7, T20Is - 5)
15 - जैक कैलिस (टेस्ट - 9, ODIs - 6)
13 - जो रूट (टेस्ट - 6, ODIs - 7)
13 - डेविड वॉर्नर (टेस्ट - 5, ODIs - 3, T20Is - 5)
13 - सनथ जयसूर्या (टेस्ट - 2, ODIs - 11)
12 - आर अश्विन (टेस्ट - 11, T20Is - 1)
12 - क्विंटन डी कॉक (टेस्ट - 1, ODIs - 7, T20Is - 4)
12 - क्रिस गेल (टेस्ट - 2, ODIs - 8, T20Is - 2)
11 - शॉन पोलक (टेस्ट - 2, ODIs - 9)
11 - शिवनरायण चंद्रपॉल (टेस्ट - 7, ODIs - 4)
11 - रिकी पोंटिंग (टेस्ट - 4, ODIs - 7)
11 - मुथैया मुरलीधरन (टेस्ट - 11)
10 - इमरान खान (टेस्ट - 8, ODIs - 2)
10 - सौरव गांगुली (टेस्ट - 3, ODIs - 7)
10 - वसीम अकरम (टेस्ट - 7, ODIs - 3)
10 - हाशिम अमला (टेस्ट - 3, ODIs - 7)
10 - स्टीव स्मिथ (टेस्ट - 5, ODIs - 4, T20Is - 1)
10 - एबी डी विलियर्स (टेस्ट - 4, ODIs - 6)
10 - कुमार संगकारा (टेस्ट - 4, ODIs - 5, T20Is - 1)
10 - तिलकरत्ने दिलशान (टेस्ट - 2, ODIs - 6, T20Is - 2)
10 - रोहित शर्मा (टेस्ट - 2, ODIs - 6, T20Is - 2)
10 - बाबर आजम (टेस्ट - 1, ODIs - 4, T20Is - 5)