Famous Forts in India: 15 अगस्त, यानी स्वतंत्रता दिवस देश के इतिहास और आजादी की यादों से जुड़ा खास दिन है. इस मौके पर अगर आप कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो क्यों न ऐसी जगह जाएं, जहां आपको भारत के गौरवशाली इतिहास की झलक भी देखने को मिले. देश के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद कई ऐतिहासिक किले आज भी अपनी भव्यता और वास्तुकला के साथ बीते दौर की कहानियां बयां करते हैं. आइए जानते हैं भारत के ऐसे ही 10 शानदार किलों के बारे में, जहां 15 अगस्त के मौके पर घूमने का प्लान बनाया जा सकता है.

राजस्थान का मेहरानगढ़ किला
जोधपुर का मेहरानगढ़ किला राजस्थान की शान माना जाता है. लगभग 500 साल पुराने इस किले का निर्माण राव जोधा ने करवाया था. ऊंची पहाड़ी पर बने इस किले से जोधपुर शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. किले के अंदर मोती महल, शीश महल, चामुंडा देवी मंदिर और म्यूजियम जैसे कई आकर्षण हैं. 15 अगस्त के आसपास यहां घूमते हुए आपको राजस्थान के इतिहास और राजपूताना संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलेगा.

दिल्ली का लाल किला
स्वतंत्रता दिवस और लाल किले का रिश्ता बेहद खास है. दिल्ली का लाल किला मुगल स्थापत्य का शानदार उदाहरण होने के साथ देश की आजादी के जश्न का भी महत्वपूर्ण केंद्र है. हर साल 15 अगस्त को प्रधानमंत्री यहां से देश को संबोधित करते हैं. ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले को देखना एक खास अनुभव हो सकता है.

सम्बंधित ख़बरें

मध्य प्रदेश का ग्वालियर किला
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में स्थित यह विशाल किला अपनी शानदार वास्तुकला और नक्काशी के लिए जाना जाता है. किले से जुड़ा इतिहास कई सदियों पुराना है. यहां का गूजरी महल और किले की विशाल दीवारें पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. अगर आप स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी में इतिहास और विरासत को करीब से देखना चाहते हैं तो ग्वालियर किला अच्छा ऑप्शन हो सकता है.

महाराष्ट्र का लोहागढ़ किला
अगर आपको इतिहास के साथ ट्रेकिंग का शौक है तो महाराष्ट्र का लोहागढ़ किला आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. लोनावला के पास स्थित यह किला खासकर मानसून के दौरान बेहद खूबसूरत नजर आता है. चारों तरफ हरियाली और पहाड़ी रास्ते सफर को यादगार बना देते हैं. किले का 'विंचू काटा' हिस्सा भी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है.

राजस्थान का सोनार किला
जैसलमेर का सोनार किला अपनी पीले बलुआ पत्थरों की खूबसूरती के लिए मशहूर है. सूरज की रोशनी पड़ने पर इसकी दीवारें सुनहरे रंग की दिखाई देती हैं, इसी वजह से इसे सोनार किला कहा जाता है. रेगिस्तान के बीच बना यह किला राजस्थान की संस्कृति और वास्तुकला की शानदार झलक देता है.

हैदराबाद का गोलकुंडा किला
हैदराबाद का गोलकुंडा किला ग्रेनाइट की पहाड़ी पर बना हुआ है. इसकी विशाल दीवारें, दरवाजे और वास्तुकला इसे बेहद खास बनाते हैं. किले की बनावट और इससे जुड़े किस्से इतिहास में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को काफी आकर्षित करते हैं. 15 अगस्त की छुट्टी में हैदराबाद घूमने का प्लान हो तो इसे अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.

राजस्थान का कुंभलगढ़ किला
राजस्थान के राजसमंद में स्थित कुंभलगढ़ किला अपनी विशाल दीवार के लिए दुनिया भर में जाना जाता है. इसकी करीब 36 किलोमीटर लंबी दीवार किले की सबसे खास पहचान है. किले के अंदर कई मंदिर और ऐतिहासिक इमारतें मौजूद हैं. यहां पहुंचकर आपको राजस्थान के राजसी इतिहास और स्थापत्य कला की शानदार झलक देखने को मिलेगी.

राजस्थान का चित्तौड़गढ़ किला
चित्तौड़गढ़ किला राजपूत शौर्य, वीरता और बलिदान की कहानियों से जुड़ा हुआ है. पहाड़ी पर फैला यह विशाल किला अपने सात प्रवेश द्वार, महलों, मंदिरों और विजय स्तंभ के लिए जाना जाता है. 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर ऐसी ऐतिहासिक जगह की यात्रा देश के इतिहास को समझने का एक अलग अनुभव दे सकती है.

हिमाचल प्रदेश का कांगड़ा किला
हिमाचल प्रदेश का कांगड़ा किला देश के पुराने किलों में गिना जाता है. पहाड़ों और नदियों के बीच स्थित यह किला इतिहास और प्राकृतिक खूबसूरती दोनों का अनुभव कराता है. अगर आप स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी में पहाड़ों की यात्रा करना चाहते हैं तो कांगड़ा किला आपकी ट्रैवल लिस्ट में शामिल हो सकता है.

आगरा का किला
उत्तर प्रदेश में स्थित आगरा का किला मुगल काल की भव्य वास्तुकला का शानदार उदाहरण है. यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल इस किले के अंदर कई खूबसूरत महल और इमारतें हैं. मोती मस्जिद, दीवान-ए-खास और शीश महल यहां के प्रमुख आकर्षण हैं. आगरा घूमने जाएं तो ताजमहल के साथ इस ऐतिहासिक किले को देखना भी न भूलें.

---- समाप्त ----