.

भास्कर न्यूज | कवर्धा

पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कबीरधाम पुलिस की स्वामी विवेकानंद एकेडमी में प्रशिक्षण के साथ अब नियमित शारीरिक दक्षता गतिविधियों पर भी जोर दिया जा रहा है। एकेडमी में कबीरधाम समेत अन्य जिलों के बेरोजगार युवक-युवतियों को पुलिस, आर्मी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सब-इंस्पेक्टर सहित अन्य सुरक्षा सेवाओं की भर्ती के लिए निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

शनिवार को प्रशिक्षणार्थियों ने सुबह 10 किलोमीटर रोड रनिंग की। इसके बाद स्वामी करपात्री ग्राउंड में बालक वर्ग के लिए 1500 मीटर और बालिका वर्ग के लिए 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता कराई गई। प्रशिक्षणार्थियों ने सुबह निर्धारित रूट पर 10 किलोमीटर रोड रनिंग में हिस्सा लिया। इसके बाद ग्राउंड में आयोजित प्रतियोगिता में युवाओं ने अपनी गति और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। 1500 मीटर बालक वर्ग और 800 मीटर बालिका वर्ग की दौड़ में प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रशिक्षण के दौरान युवाओं की शारीरिक दक्षता को परखना और उन्हें भर्ती परीक्षा के लिए तैयार करना रहा।

बालक वर्ग में शोभित धुर्वे प्रथम 1500 मीटर बालक वर्ग में शोभित धुर्वे ने प्रथम स्थान हासिल किया। यशवंत साहू दूसरे, निखिल तीसरे और धनेश्वर साहू चौथे स्थान पर रहे। वहीं 800 मीटर बालिका वर्ग में नीमा धुर्वे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हेमलता पोर्ते दूसरे, पूजा पटेल तीसरे और रानू खुसरो चौथे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को डीएसपी प्रशांत देवांगन ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विजेताओं का उत्साह बढ़ाया और नियमित अभ्यास जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

एकेडमी में आयोजित गतिविधि के दौरान 10 किलोमीटर रोड रनिंग के बाद अलग-अलग वर्गों में दौड़ प्रतियोगिता कराई गई। इससे प्रशिक्षणार्थियों को वास्तविक प्रतियोगिता जैसा अभ्यास मिला। मैदान में युवाओं के बीच एक-दूसरे से आगे निकलने की प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिली। नियमित शारीरिक अभ्यास के जरिए प्रशिक्षणार्थियों की फिटनेस, आत्मविश्वास और अनुशासन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

एएसपी हेमसागर सिदार ने बताया कि स्वामी विवेकानंद एकेडमी में पुलिस भर्ती के अलावा आर्मी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सब-इंस्पेक्टर और अन्य सुरक्षा सेवाओं में जाने की तैयारी कर रहे युवक-युवतियां भी प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षणार्थियों को नियमित शारीरिक अभ्यास के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अनुशासन पर ध्यान दिया जाता है। प्रशिक्षक दशरथ साहू और रीना शर्मा प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से शारीरिक दक्षता और भर्ती परीक्षा की तैयारी करा रहे हैं। एकेडमी के जरिए युवाओं को प्रशिक्षण के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ता है। पुलिस की ओर से संचालित इस पहल का उद्देश्य रोजगार की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। युवाओं को उनकी क्षमता के अनुसार नियमित अभ्यास कराया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं को भर्ती प्रक्रिया की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।