
Argentina Players Suspended Fined Pti ApImage Credit source: PTI
FIFA वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल जितना रोमांचक रहा था, उसका अंत भी उतना ही विवादित रहा था. उस खिताबी मुकाबले में स्पेन की जीत के तुरंत बाद कुछ अर्जेंटीनी खिलाड़ी स्पेनिश खिलाड़ियों से भिड़ गए थे और हाथ उठा दिया था. तब से ही इस पर एक्शन की मांग हो रही थी और अब ठीक एक महीने बाद FIFA ने अपना फैसला सुनाया है. FIFA की कमेटी ने जांच के बाद घटना के मुख्य आरोपी लियांड्रो परेडेस पर 10 मैच का बैन लगाया है, जबकि अन्य खिलाड़ियों को भी कड़ी सजा दी है. साथ ही अर्जेंटीना फुटबॉल फेडरेशन पर जुर्माना लगाया है.
परेडेस को सबसे कड़ी सजा
20 जुलाई को अमेरिका के न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में स्पेन ने एक्स्ट्रा टाइम में गोल किया था. इस तरह उसने डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर खिताब जीता था. मगर स्पेन की ये जीत शायद अर्जेंटीना के कुछ खिलाड़ी उस वक्त पचा नहीं सके थे. मैच के बाद परेडेस ने स्पेन के कप्तान रॉड्री का गला पकड़ लिया तो गावी को गिरा दिया. वहीं मोलिना और थियागो अल्माडा जैसे खिलाड़ी ने भी आक्रामकता दिखाई थी. अब इन सभी पर एक्शन हुआ है.
अर्जेंटीना के मिडफील्डर लियान्ड्रो परेडेस को इस झगड़े का सबसे बड़ा दोषी पाया गया है और इसलिए FIFA ने उन्हें 10 इंटरनेशनल मैचों के लिए बैन कर दिया है. FIFA ने परेडेस को हमले के 2 मामलों में दोषी पाया है. इसके मुताबिक, परेडेस ने स्पेन के खिलाड़ियों के साथ हुए टकराव में शारीरिक आक्रामकता दिखाई थी. बैन के अलावा अर्जेंटीनी खिलाड़ी पर 90,000 डॉलर यानि करीब 83 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
इन खिलाड़ियों पर भी हुआ बड़ा एक्शन
सिर्फ पेरेडेस ही नहीं बल्कि 2 अन्य अर्जेंटीनी खिलाड़ी और एक असिस्टेंट कोच को भी सजा मिली है. अर्जेंटीना के डिफेंडर नाहुएल मोलिना को 7 मैचों के लिए बैन किया गया है. उन्हें भी 90,000 डॉलर का जुर्माना भरना होगा. वहीं थियागो अल्माडा को एक मैच के लिए बैन किया गया है जबकि 30,000 डॉलर (29 लाख रुपये) का जुर्माना भी उन पर लगा है.
अर्जेंटीना के असिस्टेंट कोच रॉबर्टो अयाला भी इस घटना में शामिल थे और जांच में दोषी पाए गए. FIFA ने अयाला को 3 मैचों के लिए बैन और 30,000 डॉलर के जुर्माने की सजा दी है. वहीं स्पेन के युवा खिलाड़ी गावी भी दोषी पाए गए हैं और उन्हें एक मैच के लिए निलंबित किया गया, साथ ही 30,000 डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया.
अर्जेंटीना फुटबॉल पर भी जुर्माना
सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं बल्कि अर्जेंटीना की फुटबॉल एसोसिएशन पर भी FIFA ने एक्शन लिया है. अक्सर खिलाड़ियों के ऐसे बर्ताव पर एसोसिएशन के खिलाफ भी कार्रवाई होती है. FIFA ने अर्जेंटीना फुटबॉल (AFA) पर 3,21,000 डॉलर यानि करीब 3 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. मगर इसकी वजह सिर्फ ये झगड़ा नहीं, बल्कि मैच के दौरान भेदभावपूर्ण नारे या इशारे, टीम के अनुशासन और राजनीतिक संदेश वाले बैनर जैसे मामले शामिल हैं. अर्जेंटीना के कुछ खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में जीत के बाद फॉकलैंड द्वीप को लेकर बैनर पोस्ट किया था, जो दोनों देशों के बीच विवाद का विषय है. FIFA ने अर्जेंटीना को अपने अगले दो घरेलू मैचों में सिर्फ 50 फीसदी फैन को आने की सजा दी है.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More