Aug 03, 2026 10:31 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

मुख्य बातें

  • केंद्र सरकार LIC में अपनी 6.5% तक हिस्सेदारी बेच रही है
  • सरकार ने ऑफर फॉर सेल में हिस्सेदारी बेचने के लिए 382 रुपये का फ्लोर प्राइस तय किया है
  • LIC के शेयर सोमवार को BSE में 424.35 रुपये पर बंद हुए हैं
LIC

LIC का ऑफर फॉर सेल रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 5 अगस्त से खुलेगा।

देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) के शेयर सस्ते में खरीदने का मौका है। केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा है कि वह बीमा कंपनी एलआईसी में अपनी 6.5 पर्सेंट तक हिस्सेदारी बेचेगी। सरकार LIC में अपना हिस्सा ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचेगी। हिस्सेदारी बेचने के लिए फ्लोर प्राइस 383 रुपये प्रति शेयर फिक्स किया गया है। डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) सेक्रेटरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट में यह बात कही है। नॉन-रिटेल इनवेस्टर्स के लिए ऑफर फॉर सेल(OFS) मंगलवार 4 अगस्त से खुल रहा है।

10% से ज्यादा डिस्काउंट पर है फ्लोर प्राइस
एलआईसी के ऑफर फॉर सेल का फ्लोर प्राइस बीमा कंपनी के सोमवार के क्लोजिंग प्राइस से 10 पर्सेंट से अधिक के डिस्काउंट पर है। बीमा कंपनी के शेयर सोमवार को BSE में 424.35 रुपये पर बंद हुए हैं। वहीं, ऑफर फॉर सेल का फ्लोर प्राइस 382 रुपये है। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए ऑफर फॉर सेल बुधवार 5 अगस्त को खुलेगा। LIC ने कहा है कि उसकी ट्रेडिंग विंडो 8 अगस्त 2026 तक बंद रहेगी।

सरकार को मिलेंगे करीब 31000 करोड़ रुपये
अगर ऑफर फॉर सेल पूरी तरह सब्सक्राइब (82.22 करोड़ शेयरों या 6.5 पर्सेंट हिस्सेदारी बेचने पर) होता है तो सरकार को करीब 31,000 करोड़ रुपये मिलेंगे। डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) ने कहा है कि ऑफर फॉर सेल में LIC की इक्विटी के 2.5 पर्सेंट का बेस ऑफर है। वहीं, ओवरसब्सक्रिप्शन की स्थिति में एडिशनल 4 पर्सेंट का ग्रीन शू ऑप्शन है। DIPAM सेक्रेटरी अरुणीश चावला ने कहा है कि हिस्सेदारी बेचने से सरकार को शेड्यूल से पहले ही मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग (MPS) हासिल करने में मदद मिलेगी।

IPO में बेची थी 3.5 पर्सेंट हिस्सेदारी
सरकार ने मई 2022 में लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) के आईपीओ के जरिए कंपनी में 3.5 पर्सेंट हिस्सेदारी बेची थी। आईपीओ का प्राइस बैंड 902-949 रुपये रखा गया था, सरकार ने इससे करीब 21,000 करोड़ रुपये जुटाए थे। मौजूदा समय में एलआईसी का मार्केट कैप 5.36 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। फिलहाल, LIC में सरकार की हिस्सेदारी 96.5 पर्सेंट है। ऑफर फॉर सेल के बाद कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी घटकर 90 पर्सेंट रह जाएगी।

बोनस शेयर भी बांट चुकी है बीमा कंपनी
दिग्गज बीमा कंपनी LIC अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। कंपनी ने मई 2026 में अपने निवेशकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिया। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा।

लेखक के बारे में

Vishnu Soni

विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।

पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग, ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।

और पढ़ें