गुरुग्राम (उत्तम हिन्दू न्यूज): भारतपे के पूर्व को-फाउंडर और चर्चित उद्यमी अशनीर ग्रोवर ने देश की सबसे महंगी और आलीशान आवासीय परियोजनाओं में शुमार गुरुग्राम की ‘डीएलएफ कैमेलियाज’ (DLF Camellias) का एक खास वीडियो टूर करवाया है। इस लग्जरी सोसाइटी में फ्लैट्स की कीमतें 60 करोड़ रुपये से शुरू होकर 100 करोड़ रुपये से भी अधिक तक जाती हैं। अशनीर ग्रोवर ने अपने यूट्यूब वीडियो के जरिए दिखाया कि आखिर क्यों अरबपति इस सोसाइटी में आशियाना बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करते हैं।
ओलंपिक साइज पूल और भारत में दुर्लभ ‘स्नो रूम’
डीएलएफ कैमेलियाज के क्लब हाउस में ऐसी सुविधाएं मौजूद हैं जो अमूमन सात सितारा होटलों में भी देखने को नहीं मिलतीं। यहां निवासियों के लिए एक भव्य ओलंपिक साइज स्विमिंग पूल तैयार किया गया है। इसके अलावा अत्याधुनिक उपकरणों से लैस जिम, जूस बार, स्टीम और सॉना की व्यवस्था है। सबसे हैरान करने वाली सुविधा यहां का ‘स्नो रूम’ है, जहां का तापमान बेहद कम रखा जाता है ताकि लोग कड़ाके की ठंडक और बर्फ जैसी ताजगी का अहसास कर सकें।
प्राइवेट बॉलिंग एले, कराओके लाउंज और मिनी थिएटर
मनोरंजन और वीकेंड के लिए सोसाइटी परिसर से बाहर जाने की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ती। क्लब हाउस के भीतर ही प्राइवेट बॉलिंग एले बनाया गया है, जहां निवासी अपने दोस्तों और परिवार के साथ बॉलिंग का आनंद ले सकते हैं। इसके साथ ही एक शानदार कराओके लाउंज और वर्ल्ड-क्लास साउंड सिस्टम वाला एक प्राइवेट ऑडिटोरियम/मूवी हॉल भी मौजूद है। पार्टी और गेट-टुगेदर के लिए ‘इंटिमो’ नाम का एक खास पार्टी लाउंज तैयार किया गया है, जिसमें करीब 50 लोग एक साथ महफिल सजा सकते हैं।
इसी सोसाइटी के मीटिंग रूम में लिखी गई थी ‘दोगलापन’
अशनीर ग्रोवर ने वीडियो में खुलासा किया कि जब वे अपनी चर्चित किताब ‘दोगलापन’ लिख रहे थे, तब उन्होंने इसके कई हिस्से इसी सोसाइटी के एक मीटिंग रूम में बैठकर लिखे थे। यहां रेजिडेंट्स के लिए शांत और हाई-टेक वर्कस्पेस व कॉन्फ्रेंस रूम भी बनाए गए हैं, जहां आसानी से बिजनेस मीटिंग्स की जा सकती हैं। खेल प्रेमियों के लिए टेनिस, स्क्वैश और आधुनिक पिकलबॉल कोर्ट की भी व्यवस्था की गई है।
किरायेदार की प्राइवेसी के चलते नहीं दिखाया फ्लैट का अंदरूनी हिस्सा
अशनीर ने बताया कि वह खुद वर्तमान में दिल्ली में रहते हैं और कैमेलियाज स्थित उनका अपार्टमेंट फिलहाल किराये पर दिया हुआ है। किरायेदार की निजता का सम्मान करते हुए उन्होंने फ्लैट के अंदर का हिस्सा कैमरे पर नहीं दिखाया। उन्होंने बताया कि वह यहां के क्लब, रेस्टोरेंट्स और लाउंज का इस्तेमाल खाली समय बिताने, बिजनेस मीटिंग्स करने और दोस्तों से मिलने के लिए करते हैं। अशनीर के मुताबिक, लोग अक्सर केवल फ्लैट की 100 करोड़ रुपये की कीमत देखते हैं, लेकिन असल में यह कीमत उस बेजोड़ लाइफस्टाइल, वर्ल्ड-क्लास मेंटेनेंस और अल्ट्रा-लग्जरी सुविधाओं की है जो यहां हर कदम पर मिलती हैं।
You Might Be Interested In
- करोड़पति कारोबारी हत्याकांड में मॉडल श्रद्धा दुबे नागपुर से अरेस्ट, STF ने बहन और ड्राइवर को भी दबोचा
- रिटायर हो रहे वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने भरी आखिरी उड़ान, जहां से शुरू हुआ था करियर, वहीं ‘किरण’ उड़ाकर गुरु संग ताजा कीं यादें
- पाक विदेश मंत्री के सामने गरजे राजनाथ सिंह, कहा- आतंकवादियों को पनाह देने वालों के लिए दुनिया में कोई जगह नहीं
- बिक्रमजीत के परिजनों से मिले अमित शाह, मां के छुए पैर; फिर गुलजार के घर पहुंच 3 महीने में इंसाफ का दिया भरोसा
- दलेर मेहंदी के बचाव में उतरे मीका सिंह, बोले- बड़े भाई के शराब पीने की बात साबित हुई तो छोड़ दूंगा सिंगिंग
- नाबालिग को कार थमाने वाले पिता पर चलेगा मर्डर का केस, 3 लोगों को कुचलने पर HC सख्त, बोला- गाड़ी कोई खिलौना नहीं