.
कबीरधाम में जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल’ के सरकारी आंकड़ों और गांवों की हकीकत के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। 1 अक्टूबर को जिला पंचायत की सामान्य सभा में पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग (पीएचई) ने जिले में 86.39% घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने का दावा किया। विभाग ने 430 गांवों को 100% नल कनेक्शन वाला बताया है। लेकिन इनमें से 89 गांव ऐसे हैं, जहां ग्राम सभाओं ने पूर्णता का प्रमाण पत्र नहीं दिया है।
जिले में कुल 969 गांवों में 1,98,917 घरों को नल कनेक्शन देने का लक्ष्य है। अब तक 1,71,536 घरों में कनेक्शन लगाए जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का 86.39 प्रतिशत है। इनमें अब तक 341 गांवों की ग्राम सभाओं ने ही प्रस्ताव पारित कर प्रमाणित किया है कि हर घर, स्कूल और आंगनबाड़ी तक पानी पहुंच रहा है। शेष गांवों में प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। कबीरधाम जिला प्रदेश में 15वें नंबर पर है। पहले नंबर पर 99.59 फीसदी कार्य के साथ धमतरी है। (आंकड़ों में सहसपुर लोहारा में 930 नए कनेक्शन जुड़े, जबकि बोड़ला में केवल 205। कवर्धा में 785 और पंडरिया में 606 कनेक्शन बढ़े हैं।) ब्लॉक लक्ष्य फरवरी 2026 अक्टूबर 2026 8 माह में कनेक्शन कवर्धा 51,094 44,444 45,229 +785 स. लोहारा 38,813 32,388 33,318 +930 पंडरिया 58,052 49,562 50,168 +606 बोड़ला 50,601 42,616 42,821 +205 कुल 1,98,917 1,69,010 1,71,536 +2,526
बोड़ला ब्लॉक के लालपुर कला में 1,351 की आबादी है। विभागीय रिकॉर्ड में 540 में से 531 घरों में कनेक्शन यानी करीब 98% कनेक्शन बताए गए हैं। गांव में पाइप लाइन बिछी है, लेकिन कई जगह पाइप लाइन नालियों के भीतर से गुजर रही है। मौके पर कई नल टूटे मिले। वहीं कई नल घरों के बाहर नाली किनारे लगे हैं, जो अनुपयोगी पड़े हैं। नल के स्टैंड पोस्ट में गंदगी फैली है।
जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल का कहना है कि सामान्य सभा में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा हुई है। पीएचई विभाग के अधिकारी ने प्रोग्रेस रिपोर्ट सदन में रखा था। इस पर जिन सदस्यों के क्षेत्र में पानी की समस्या है, उन्होंने अपनी बात रखी थी, जिसे दूर करने निर्देश दिए हैं।
फरवरी से अक्टूबर 2026 के आंकड़ों की तुलना करें तो जिले में 8 महीने में सिर्फ 2,526 नए कनेक्शन जोड़े गए। फरवरी में 1,69,010 घरों तक कनेक्शन था, जो अक्टूबर में बढ़कर 1,71,536 हुआ। यानी कवरेज में केवल 1.27 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इस मामले में पीएचई विभाग के ईई डीएस राजपूत को कॉल लगाया, लेकिन रिसीव नहीं किए।
दौजरी में स्थिति और स्पष्ट है। 1,638 की आबादी वाले गांव में 319 घरों का लक्ष्य है, लेकिन अब तक 177 घरों यानी 55.49% घरों में ही कनेक्शन पहुंचा है। 142 घर अभी भी कनेक्शन से बाहर हैं। इसके लिए और इंतजार करना पड़ेगा। जरती पंचायत के आश्रित गांव नाऊडीह में करीब 400 की आबादी है। यहां 116 घरों के मुकाबले 86 घरों में ही नल कनेक्शन बताए गए हैं।