Aug 29, 2026 10:14 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

भाजपा नेता राम कदम ने आरोप लगाया कि भारतीय मूल के होने के बावजूद ममदानी हिंदू विरोधी हैं और उनके बयानों से यह साफ दिखाई देता है। कदम ने कहा कि आखिर ममदानी को कार्यक्रम में बुलाना भी कौन चाहता है।

Mayor Zohran Mamdani opposition to RSS Chief Mohan Bhagwat event

राम कदम और जोहरान ममदानी।

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिका में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम का विरोध किया। इस पर बीजेपी नेता राम कदम ने शनिवार को बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी। राम कदम ने कहा कि मेयर जोहरान ममदानी को संघ को समझने के लिए 10 हजार जन्म लेने पड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय मूल के होने के बावजूद ममदानी हिंदू विरोधी हैं और उनके बयानों से यह साफ दिखाई देता है। कदम ने कहा कि आखिर ममदानी को कार्यक्रम में बुलाना भी कौन चाहता है।

राम कदम ने कहा कि जोहरान ममदानी भले ही न्यूयॉर्क के मेयर हैं, लेकिन उन्होंने देश के लिए क्या त्याग किया है। क्या आप कभी संघ की शाखा में गए हो? एसी कमरे में बैठकर अपने विचार रखना आसान है। उन्होंने आरएसएस के स्वयंसेवकों का उदाहरण देते हुए कहा कि स्वयंसेवक अपना परिवार छोड़कर राष्ट्र को ही अपना परिवार मानते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जीवन जीते हैं। राम कदम ने कहा कि संघ को समझने के लिए उसके स्वयंसेवकों के त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा को समझना जरूरी है।

टाइम्स स्क्वायर के होर्डिंग पर भागवत की तस्वीर

अमेरिका के न्यूयार्क में मैडिसन स्क्वायर गार्डन में RSS प्रमुख मोहन भागवत के प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने से पहले टाइम्स स्क्वायर के बीचों-बीच लगे होर्डिंग पर उनकी तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। भागवत आरएसएस के शताब्दी वर्ष के वैश्विक जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अमेरिका पहुंचे थे। अमेरिका में वह मैडिसन स्क्वायर गार्डन में लगभग 5,000 लोगों की सभा को संबोधित करेंगे। यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन नामक इस कार्यक्रम का आयोजन अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग की ओर से किया जा रहा है। संगठन ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक रक्षाबंधन समारोह के रूप में बताया है।

मैडिसन स्क्वायर गार्डन में भागवत के प्रस्तावित कार्यक्रम की कई नागरिक अधिकार संगठनों ने आलोचना की है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि वह मैडिसन स्क्वायर गार्डन में प्रस्तावित आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते हैं। ममदानी ने कहा कि इस निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार-क्षेत्र शायद शहर के पास नहीं है। अमेरिका में भागवत ने भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों, भारतीय-अमेरिकी कारोबारियों और सामुदायिक नेताओं के साथ बैठकें कीं।