Aug 24, 2026 12:31 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में एक छक्का जड़ते ही एडम गिलक्रिस्ट को टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पछाड़ दिया है। पंत के नाम अब 101 सिक्स हैं।

ऋषभ पंत निकले एडम गिलक्रिस्ट से आगे
भारतीय स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर मैदान पर उतर चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में जारी दूसरे टेस्ट के पहले दिन चोटिल होने की वजह से पंत को मैदान छोड़ना पड़ा था। हालांकि दूसरे दिन सारांश जैन के आउट होने के बाद वह फिर मैदान पर उतर चुके हैं। पंत ने मैदान पर उतरते ही ऑस्ट्रेलिया के लीजेंड विकेट कीपर एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ा। ऋषभ पंत अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके आगे दो खिलाड़ी -ब्रेंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स- हैं।
स्टेडियम के बाहर जा गिरी गेंद
ऋषभ पंत ने यह छक्का पारी के 90 ओवर में लगाया। लगातार बाउंसर से पंत पर प्रहार कर रहे श्रीलंकाई गेंदबाजों ने इस ओवर में भी ऐसा करने का प्रयास किया। लाहिरू कुमारा ने पांचवीं गेंद जब शॉर्ट पिच डालने की कोशिश करी तो पंत ने लेग साइड में लंबा छक्का लगा दिया। गेंद इतने अच्छे तरीके से बैट पर आई कि सीधी मैदान के बाहर गई। मैदान की छत पर लगे सोलर पैनल का भी इसमें नुकसान हुआ। आप भी देखें वीडियो-
ऋषभ पंत ने एडम गिलक्रिस्ट को पछाड़ा
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अब ऋषभ पंत एडम गिलक्रिस्ट से आगे निकल गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई पूर्व खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर में पूरे 100 छक्के लगाए थे। अब 101वां छक्का लगाकर पंत ने उन्हें पछाड़ दिया है और टॉप-3 बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड से कितना दूर?
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स के नाम है। स्टोक्स ने अपने करियर में 138 छक्के लगाए थे। वह अब इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। वहीं दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज ब्रेंडन मैकुलम 107 छक्कों के साथ मौजूद हैं।
ऋषभ पंत को मैकुलम को पछाड़ने के लिए मात्र 6 छक्कों की दरकार है। वहीं स्टोक्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें 38 छक्के और चाहिए होंगे।
ऋषभ पंत जिस अंदाज में टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह जल्द ही इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को अपने नाम कर लेंगे।
टेस्ट फॉर्मेट में सबसे ज़्यादा छक्के
138 - बेन स्टोक्स
107 - ब्रेंडन मैकुलम
101* - ऋषभ पंत
100 - एडम गिलक्रिस्ट
98 - क्रिस गेल
98 - टिम साउथी
97 - जैक्स कैलिस
91 - वीरेंद्र सहवाग
लेखक के बारे में
Lokesh Khera
लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें