Published: Sunday, August 30, 2026, 13:21 [IST]
East Coast Railway Recruitment 2026: भारतीय रेलवे में अप्रेंटिस बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए काम की खबर है। ईस्ट कोस्ट रेलवे के रेलवे भर्ती सेल ने 2026-27 अप्रेंटिस भर्ती के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस भर्ती के तहत कुल 1599 पद भरे जाएंगे। खास बात यह है कि इन पदों पर चयन के लिए उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा या साक्षात्कार में शामिल नहीं होना होगा।
10वीं और ITI में मिले अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी और उसी के अनुसार चयन होगा। आवेदन प्रक्रिया 26 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 15 सितंबर 2026 शाम 5 बजे है। योग्य उम्मीदवार रेलवे भर्ती सेल की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
1599 पदों पर भर्ती
ईस्ट कोस्ट रेलवे की इस भर्ती के जरिए कुल 1599 अप्रेंटिस पद भरे जाने हैं। अलग-अलग तकनीकी ट्रेड के उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। भर्ती में फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, टर्नर, मशीनिस्ट, प्लंबर समेत कई ट्रेड शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: RRB NTPC UG CBT 2 परीक्षा की तारीख घोषित, कब आएगा एडमिट कार्ड? चेक करें एग्जाम डेट
10वीं के साथ ITI जरूरी
अप्रेंटिस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त संस्थान का ITI प्रमाणपत्र भी होना चाहिए।
जो उम्मीदवार अभी 10वीं या ITI के अंतिम नतीजे का इंतजार कर रहे हैं, वे इस भर्ती में आवेदन नहीं कर पाएंगे। ITI में फेल उम्मीदवार भी पात्र नहीं होंगे।
15 से 24 साल उम्र जरूरी
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र कम से कम 15 साल और अधिकतम 24 साल होनी चाहिए। उम्र की गणना 15 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र में नियमानुसार छूट मिलेगी।
- SC/ST: 5 साल
- OBC: 3 साल
- PwBD: 10 साल
किसे देना होगा आवेदन शुल्क?
इस भर्ती में सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। वहीं SC, ST, दिव्यांग और सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
परीक्षा नहीं, मेरिट से होगा चयन
इस भर्ती की सबसे खास बात चयन प्रक्रिया है। उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा या इंटरव्यू देने की जरूरत नहीं होगी। मेरिट लिस्ट तैयार करते समय 10वीं और ITI के अंकों को बराबर 50-50 प्रतिशत का महत्व दिया जाएगा। यानी दोनों में मिले अंकों के आधार पर उम्मीदवारों की मेरिट तैयार होगी।
हर महीने मिलेगा स्टाइपेंड
अप्रेंटिस के रूप में चुने जाने वाले उम्मीदवारों को ट्रेनिंग के दौरान रेलवे के नियमों के अनुसार स्टाइपेंड दिया जाएगा। ट्रेनिंग के दौरान उम्मीदवारों को 10,000 रुपये से लेकर 18,200 रुपये प्रति माह तक स्टाइपेंड मिलने की जानकारी दी गई है।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 26 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे से हुई है। उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय अभ्यर्थियों को समय रहते फॉर्म भरने की सलाह दी जाती है।
ऐसे भरें ऑनलाइन फॉर्म
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को रेलवे भर्ती सेल की वेबसाइट rrcbbs.org.in पर जाना होगा। इसके बाद ये स्टेप फॉलो करने होंगे:
- वेबसाइट के होमपेज पर "Act Apprentice 2026-27" लिंक खोलें।
- अपनी जरूरी जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
- 10वीं और ITI की मार्कशीट अपलोड करें।
- पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जाति प्रमाण पत्र, जहां लागू हो, अपलोड करें।
- जरूरी आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
- फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट करें।
- आवेदन का प्रिंटआउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें।
ये भी पढ़ें: RRB Recruitment 2026: रेलवे में 3,993 पदों पर निकली भर्ती, नोटिफिकेशन आउट, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया