पुलिस कस्टडी में आरोपी को थप्पड़ जड़ता सोनिया का भाई, 1 मई को पति ने सोनिया की हत्या की थी।
हिसार में स्कूल टीचर सोनिया मर्डर केस में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। करीब चार महीने से आरोपी पति फरार था। पुलिस जैसे ही उसे कस्टडी में लेकर आई, सोनिया का भाई उस पर झपट पड़ा।
.
पुलिस के सामने ही उसे थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान कुछ महिलाएं उसे, 'ओ भाई डटजा' कहकर रोकती रहीं। वहीं, पुलिस कस्टडी में आरोपी पति ने कहा- ये सब मेरी प्रॉपर्टी के लिए, मेरे हिस्से के लिए हुआ। 6-7 साल से विवाद था।
मृतका की बहन का कहना है- जिन भाइयों ने पुलिस को आरोपी की पहचान बताई है, उनका धन्यवाद है। आज बड़ी खुशी मिली है। उन्होंने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा, आरोपी शहर में ही छिपा था, लेकिन वो अब कई महीने बाद पकड़ा गया।
बता दें, 1 मई को आरोपी सौरभ ने पत्नी सोनिया की छाती में प्रेस घोंपकर हत्या कर दी थी। फोरेंसिक जांच में उसके सिर, गले, हाथ और पैरों पर भी गहरे चोट के निशान मिले थे।

मृतका सोनिया के भाई सौरभ को दूर ले जाती पुलिस।

मृतका सोनिया की बहन शालू ने कहा- राखी से पहले बड़ी खुशी मिली है।
बहन बोली- जिन भाइयों ने पकड़वाया, उन्हें थैंक्यू
सोनिया की बहन शालू ने कहा, सबसे पहले मैं भगवान जी को थैंक्यू कहूंगी। जिन लोगों ने आरोपी की पहचान पुलिस को बताई वो हमारे लिए फरिशता बनकर आए हैं। राखी से पहले उन भाइयों का थैंक्यू। अब पता चलेगा कि उसने मेरी बहन को क्यों मारा?
अब पुलिस जांच में सामने आएगा कि ये अब तक कहां था। लेकिन, पुलिस को वो अपने शहर में ही मिला। पुलिस कहती थी कि हमरी टीम लगी हुई थी, मगर उसे किसी और ने ही पकड़वाया। हम पुलिस से रोज फोन कर पूछते थे कि अभी वो पकड़ा गया या नहीं। लेकिन, उनकी चूक थी। आरोपी को फांसी से भी बड़ी सजा मिलनी चाहिए।

पुलिस कस्टडी में आरोपी पति सौरभ।
जानिए, सोनिया की हत्या कैसे हुई…
शादी के बाद रिश्ते ठीक नहीं रहे: टीचर सोनिया (36) की 10 साल पहले सेक्टर- 13 के सौरभ आनंद से शादी हुई थी। दोनों की एक 8 साल की बेटी भी है। सोनिया के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के रिश्ते ठीक नहीं थे। ससुराल वाले अक्सर सोनिया को परेशान करते रहते थे। एक मई को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
फोन नहीं उठाया तो भाई ससुराल पहुंचा: सोनिया के भाई सौरभ ने बताया कि सोनिया फोन नहीं उठा रही थी। 4 बजे उसने फोन किया था। कुछ देर बाद उसके पति सौरभ का नंबर भी स्विच ऑफ मिला। चिंता होने पर वह सेक्टर-13 स्थित उसके घर पहुंचा। वहां पीछे के कमरे में सोनिया का शव पड़ा मिला, शव के पास खून पड़ा था। मैंने नब्ज चेक की, तो वह मर चुकी थी। उसकी छाती में प्रेस घोंपी हुई थी। गले पर भी निशान थे।
जेठ-जेठानी ऊपर वाले फ्लोर पर थे: सौरभ ने आगे बताया कि सोनिया के जेठ और जेठानी ऊपर वाले फ्लोर पर थे, उसकी सास दूसरे कमरे में थी। मैंने बाहर खड़े अपने दोस्त को बताया, तो वह तुरंत पुलिस लेकर आया। सौरभ ने आरोप लगाया कि सोनिया के पति सौरभ, उसके भाई, भाभी और मां ने मिलकर ही सोनिया की हत्या की है।
शादी के 4 महीने बाद परेशान करने लगा: सोनिया की बड़ी बहन शालू ने बताया कि जब सोनिया का रिश्ता तय हुआ, तब भी हमारे माता-पिता किराए के मकान में रहते थे और आज भी वहीं स्थिति है। सौरभ का परिवार अक्सर ताने देता था कि वह मायके से कुछ नहीं लाई। शादी के चार महीने बाद से ही सौरभ उसे परेशान करने लगा था।
पोस्टमॉर्टम में आया था- गला घोंटकर हत्या: करीब 4 महीने पहले मेडिकल कॉलेज में हुए पोस्टमॉर्टम में सामने आया था कि सोनिया की मौत प्रेस की तार से गला घोंटने के कारण हुई। पति सौरभ ने हाथों से उसका गला भी दबाया। इसके अलावा उसकी छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान भी मिले थे।

मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ करमजीत सिंह।
SHO बोले- आरोपी की पहचान देने वालों को मिलेगा इनाम
सिविल लाइन थाना एसएचओ करमजीत सिंह का कहना है कि आरोपी पर 50 हजार रुपए का इनाम था। पुलिस की कई टीम इसकी गिरफ्तारी में जुटी थी। अभी आरोपी सौरभ से पूछताछ की जाएगी। आरोपी पहले कई बार पुलिस को चकमा दे चुका है। जिन तीन लड़कों ने उसकी पहचान बताई है, नियमानुसान उन्हें इनामी राशि दी जाएगी।