Delhi Road Accident: दिल्ली के आदर्श नगर में बस और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई, जिसमें 12 साल की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली सड़क हादसे में 12 साल की बच्ची की मौत।
- Published: 14 Jul 2026, 04:31 PM IST
- Last Updated: 14 Jul 2026, 04:31 PM IST
Delhi Road Accident: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास रिक्शा से स्कूल जा रही क्लास 6th में पढ़ने वाली बच्ची को बस ने कुचल दिया है। इस हादसे में बच्ची की मौके पर मौत हो गई। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद शव को कब्जे में ले लिया गया। पुलिस फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्ची की पहचान मुकंदपुर के रामा गार्डन की रहने वाली 12 साल की प्रियांशी के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची सुबह रिक्शा से अपने स्कूल जा रही थी। प्रियांशी मॉडल टाउन स्थित नंबर-1 स्कूल में बढ़ती थी।
बस ने रिक्शे को मारी टक्कर
ई रिक्शा मुकुंदपुर के रहने वाले 45 वर्षीय अजय प्रसाद द्वारा चलाया जा रहा था, जिसमें प्रियांशी सवार थी। रिक्शा जब मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के सामने पहुंचा, उसी दौरान पीछे से आ रही एक बस ने रिक्शे को टक्कर मार दी। उस दौरान प्रियांशी रिक्शे से गिर गई, और एक स्कूल बस उसके ऊपर से गुजर गई। इस हादसे में रियांशी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। खबर मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस भी तुरंत ही मौके पर पहुंच गई। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में बस ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
CCTV फुटेज को खंगालने में जुटी पुलिस
मृतक बच्ची के परिजनों का आरोप है कि अगर स्कूल बस ड्राइवर ने समय पर बस रोक दी होती तो आज उनकी बेटी की जान बच जाती। परिवार ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहार पुलिस इस दुर्घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। वहीं इस मामले में संबंधित चालक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।