दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने रीवा–डॉ. अंबेडकर नगर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन के दोनों दिशाओं में 6-6 फेरे होंगे। वहीं ललितपुर में अमृतसर–CSMT एक्सप्रेस का ठहराव 5 मिनट किया गया है।

Diwali Special Train

रीवा–डॉ. अंबेडकर नगर पूजा स्पेशल ट्रेन के 12 फेरे चलेंगे। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

  • Published: 18 Sep 2026, 12:39 PM IST
  • Last Updated: 18 Sep 2026, 12:39 PM IST

भोपाल। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त रेल सुविधा की घोषणा की है। रीवा–डॉ. अंबेडकर नगर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन के दोनों दिशाओं में 6-6 फेरे चलेंगे। इसके अलावा श्री आनंदपुर (ललितपुर) में आयोजित शताब्दी समारोह को देखते हुए अमृतसर–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस का ललितपुर स्टेशन पर ठहराव 25 सितंबर तक बढ़ाया गया है।

रीवा–डॉ. अंबेडकर नगर के बीच 12 सेवाएं

गाड़ी संख्या 01710 रीवा–डॉ. अंबेडकर नगर पूजा स्पेशल 10 अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को रीवा से रात 10:50 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन इटारसी 7:00 बजे, नर्मदापुरम 7:33 बजे, रानी कमलापति 8:45 बजे और संत हिरदाराम नगर 9:33 बजे पहुंचेगी। ट्रेन डॉ. अंबेडकर नगर स्टेशन पर दोपहर 3:05 बजे पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 01709 डॉ. अंबेडकर नगर–रीवा पूजा स्पेशल 11 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को रात 9:20 बजे डॉ. अंबेडकर नगर से रवाना होगी।

ट्रेन अगले दिन संत हिरदाराम नगर 2:46 बजे, रानी कमलापति 3:50 बजे, नर्मदापुरम 5:18 बजे और इटारसी 5:40 बजे पहुंचेगी। रीवा स्टेशन पर ट्रेन दोपहर 2:30 बजे पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

पूजा स्पेशल ट्रेन का ठहराव सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, देवास और इंदौर स्टेशनों पर रहेगा।

20 LHB कोच की रहेगी संरचना

ट्रेन में कुल 20 LHB कोच रहेंगे। इनमें 4 सामान्य श्रेणी, 6 स्लीपर, 3 थर्ड एसी, 3 थर्ड एसी इकोनामी, 2 सेकेंड एसी, 1 जनरेटर कार और 1 SLRD कोच शामिल हैं।

ललितपुर में 25 सितंबर तक 5 मिनट रुकेगी एक्सप्रेस

श्री आनंदपुर (ललितपुर) में आयोजित पवित्र शताब्दी समारोह को देखते हुए गाड़ी संख्या 11058/11057 अमृतसर–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–अमृतसर एक्सप्रेस का ललितपुर स्टेशन पर ठहराव समय अस्थायी रूप से बढ़ाया गया है।

रेलवे के अनुसार 15 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक ट्रेन का ललितपुर स्टेशन पर ठहराव 2 मिनट से बढ़ाकर 5 मिनट किया गया है। यह व्यवस्था समारोह में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के परिचालन, ठहराव और समय-सारिणी की जानकारी रेलवे की अधिकृत पूछताछ प्रणाली या NTES से प्राप्त करें।