रायगढ़ नगर निगम में मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। NTPC लारा के CSR मद से करीब 12 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से 8 विकास कार्य कराए जाएंगे।

.

इनमें तालाबों का उन्नयन, स्मृति उद्यान, दिव्यांग-अनुकूल पार्क, गांधीगंज का विकास और ऑक्सीजोन निर्माण जैसे काम शामिल हैं। इसके अलावा जलापूर्ति, सब्जी मंडियों और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।

शहर विकास के कई एजेंडा को लेकर चर्चा की गई।

शहर विकास के कई एजेंडा को लेकर चर्चा की गई।

तालाब, उद्यान और ऑक्सीजोन का होगा विकास

NTPC लारा के CSR मद से जयसिंह तालाब का उन्नयन, कलेक्ट्रेट और न्यायालय परिसर के सामने स्मृति उद्यान, सर्किट हाउस के सामने दिव्यांग-अनुकूल ऑल एबिलिटी पार्क और शेड निर्माण को मंजूरी मिली है।

इसके साथ गांधीगंज का विकास, मिट्ठुमुड़ा और फटहामुड़ा तालाब में फुटपाथ निर्माण व अन्य विकास कार्य, पंचतत्व उद्यान में फुटपाथ और उपभोक्ता फोरम के पास ऑक्सीजोन बनाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है।

जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने को मंजूरी

अमृत 2.0 योजना के तहत 153.91 लाख रुपए की लागत से कोतरा रोड फ्लाईओवर से बरमुड़ा-नंदेली रोड तक डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाने की निविदा को मंजूरी दी गई। वहीं, ग्राम बड़े रामपुर में प्रस्तावित 17 एमएलडी इंटेकवेल के भविष्य में विस्तार और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकारी भूमि के आपसी तबादले के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।

तीन जगह व्यवस्थित होंगी सब्जी मंडियां

शहर में सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों की सुविधा के लिए डिग्री कॉलेज के सामने नजूल भूमि पर सब्जी मंडी और 480 वर्गमीटर में पौनी-पसारी शेड बनाने की मंजूरी दी गई। सारंगढ़ बस स्टैंड के पास प्रस्तावित सब्जी मंडी निर्माण को भी गति देने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा कोतरा रोड ओवरब्रिज के नीचे बने पसरा शेडों को हटाकर व्यवस्थित सब्जी मंडी विकसित की जाएगी। खाली जमीन पर नियमानुसार लीज के आधार पर जगह आवंटित करने के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया। दोनों स्थानों पर सब्जी विक्रेताओं के व्यवस्थापन के लिए जगह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

10 हितग्राहियों को पेंशन की मंजूरी

राष्ट्रीय परिवार सहायता और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद 10 पात्र हितग्राहियों को वृद्धावस्था, विधवा और सुखद सहारा पेंशन की स्वीकृति दी गई।

दो कॉलोनियों के नाम भी बदले जाएंगे

सेवा ही संकल्प अभियान के तहत उर्दना मोड़ स्थित तिराहे का नाम सेवा ज्योति संकल्प चौक रखने का निर्णय लिया गया। वहीं, सिंधी समाज की मांग पर वार्ड 22 और 23 स्थित पक्की खोली का नाम श्री झूलेलाल कॉलोनी और कच्ची खोली का नाम संत कंवर राम कॉलोनी रखने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इस बैठक में MIC सदस्यों के सवालों और जिज्ञासाओं पर नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने जानकारी दी।