- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Amethi
- Amethi Panch Sammelan | Viksit Bharat Guarantee Employment Scheme Update
अखिलेश कुमार सोनी | अमेठी जिला4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अमेठी में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 'विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)' योजना पर पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों को योजना की नई व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया। अब ग्रामीण परिवारों को 100 के बजाय 125 दिन रोजगार मिलेगा और दैनिक मजदूरी 252 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।
यह पंच सम्मेलन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी, जिलाधिकारी संजय चौहान, सीडीओ पूजा साहू, डीसी मनरेगा शेर बहादुर सिंह सहित ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान और बीडीओ उपस्थित रहे।

डीसी मनरेगा शेर बहादुर सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण रोजगार योजना में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अब परिवारों को साल में 100 दिन की जगह 125 दिन रोजगार की गारंटी मिलेगी। दैनिक मजदूरी में वृद्धि से श्रमिकों की आय बढ़ेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा।
उन्होंने बताया कि यह योजना अब केवल रोजगार तक सीमित नहीं है। इसके तहत टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, ग्रामीण संपर्क मार्ग, सामुदायिक भवन और कृषि से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे गांवों में रोजगार के साथ-साथ विकास को भी गति मिलेगी।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि इस मिशन का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे योजना की जानकारी हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाएं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तकनीक आधारित निगरानी को भी मजबूत किया गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी ने कहा कि रोजगार के दिनों और मजदूरी में वृद्धि से गरीब परिवारों को सीधी राहत मिलेगी। स्थानीय स्तर पर काम बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाला पलायन भी रुकेगा। सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी दिए और अंत में सभी ने योजना के सफल क्रियान्वयन का संकल्प लिया।
.