Updated: Thursday, September 10, 2026, 18:17 [IST]
भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अब सवालों के घेरे में है। मैच से पहले दिल्ली में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन की वजह से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता सामने आई है। ऐसे में मुकाबले की तय तारीख में बदलाव की मांग की गई है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) से 13 सितंबर को होने वाले मैच को दूसरी तारीख पर कराने का अनुरोध किया है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह उसी समय राजधानी में होने वाला BRICS समिट है।
एक ही दिन BRICS समिट और क्रिकेट मैच
11 से 13 सितंबर के बीच दिल्ली में BRICS समिट का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, विदेशी प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य वीवीआईपी मेहमान शामिल होंगे। ऐसे हाई-प्रोफाइल आयोजन के दौरान राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहेगी और कई इलाकों में यातायात को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार समिट के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वीवीआईपी आवाजाही और ट्रैफिक प्रबंधन में तैनात रहेंगे। इसी बीच अरुण जेटली स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होने से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
35 हजार तक दर्शकों की उम्मीद
पुलिस ने अनुमान जताया है कि मैच देखने के लिए करीब 25 हजार से 35 हजार दर्शक स्टेडियम पहुंच सकते हैं। इससे बहादुर शाह जफर मार्ग, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, मिंटो रोड, कमला मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। राजघाट, माता सुंदरी कॉलेज और बाल भवन के आसपास भी इसका असर पड़ सकता है।
समिट के बाद मैच कराने का सुझाव
विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) की मंजूरी के बाद भेजे गए पत्र में DDCA से 13 सितंबर के मुकाबले को स्थगित कर किसी दूसरी तारीख पर कराने का अनुरोध किया गया है। पुलिस का सुझाव है कि BRICS समिट खत्म होने के बाद मैच आयोजित किया जाए, ताकि सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में परेशानी न हो।
अब गेंद DDCA के पाले में है। उसे BCCI और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ मिलकर आगे की स्थिति पर फैसला करना होगा। हालांकि मैच की तारीख बदलने को लेकर अंतिम फैसला संबंधित क्रिकेट बोर्ड और आयोजकों की ओर से आधिकारिक रूप से लिया जाएगा।