13 चौके-छक्के... RCB ने बिना मौका दिए किया था बाहर, अब उसी ने 45 गेंदों में 82 रन ठोक मचाया गदर

स्वास्तिक चिकारा की तूफानी पारी. (फोटो- UPT20)

Swastik Chikara, UP T20 League 2026: उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 के 5वें मुकाबले में युवा विस्फोटक बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा का बल्ला जमकर गरजा. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में गोरखपुर लायंस के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स के लिए ओपनिंग करने उतरे स्वास्तिक ने चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए सिर्फ 45 गेंदों में 82 रनों की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी में 13 चौके-छक्के शामिल रहे.

इकाना स्टेडियम में चौकों-छक्कों की आंधी

इस मुकाबले में गोरखपुर लायंस के खिलाफ टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ मावेरिक्स को स्वास्तिक चिकारा ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई. उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए मैदान के चारों तरफ आकर्षक शॉट्स लगाए. इस दौरान उन्होंने 45 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्के जड़कर 82 रन बनाए. उन्होंने ये रन 182.2 की स्ट्राइक रेट से बनाए. इस दौरान ऋतुराज शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 86 रनों की साझेदारी की.

फिर अक्षय दुबे के साथ मिलकर टीम को 148 रनों तक पहुंचाया. उन्होंने कप्तान रिंकू सिंह के साथ भी एक छोटी लेकिन अहम साझेदारी की. इस दौरान ऋतुराज शर्मा ने 30 गेंदों में 44 रन बनाकर टीम को मजबूती दी. फिर विकेटकीपर अक्षय दुबे ने 29 रन और कप्तान रिंकू सिंह ने 12 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 25 रन कूटे, जिससे मेरठ मावेरिक्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 206 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.

RCB ने बेंच पर बिठाकर किया था रिलीज

स्वास्तिक चिकारा वही बल्लेबाज हैं जिन्हें साल 2025 में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपनी टीम में शामिल किया था. हालांकि, आरसीबी मैनेजमेंट ने उन्हें पूरे सीजन में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं दिया और बाद में टीम से रिलीज कर दिया था. अब स्वास्तिक उत्तर प्रदेश टी20 लीग में लगातार धमाकेदार पारियां खेलकर यह साबित कर रहे हैं कि उन्हें नजरअंदाज करना कितना भारी फैसला था. उनकी ये फॉर्म ने आगामी आईपीएल ऑक्शन के लिए भी फ्रेंचाइजियों का ध्यान अपनी ओर खींच सकती है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button