Salman Khan Tiger Shroff Connection: जैकी श्रॉफ के बेटे और बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की घटना सामने आई है. इस जानलेवा हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग (अनिल पंडित और हरमन संधू) ने ली है और एक धमकी भरा संदेश जारी किया है. गनीमत ये रही कि इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए और सुरक्षित हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि जब आने वाले दिनों में टाइगर की सलमान खान के साथ कोई भी फिल्म रिलीज लाइन में नहीं है और न ही 14 साल के करियर में टाइगर ने कभी सलमान के साथ कोई फिल्म की तो आखिर वो अचानक सलमान के दुश्मन लॉरेंस गैंग के राडार पर क्यों आ गए?

इस सवाल की तह तक जाने पर साफ होता है कि ये हमला किसी फिल्मी प्रोजेक्ट के विवाद को लेकर नहीं, बल्कि सलमान खान के साथ उनकी गहरी दोस्ती, विदेशी दौरों और लगातार बने रहने वाले प्रोफेशनल्स संबंधों की वजह से हुआ है. हमले की जिम्मेदारी लेते हुए लॉरेंस गैंग ने दावा किया है कि इसको हमने कॉल कर के समझाया था, पर इसको समझ नहीं आई, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह से समझा दिया. और जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा.

जैकी श्रॉफ-सलमान खान का पुराना याराना और टाइगर का जुड़ाव

बॉलीवुड में जैकी श्रॉफ और सलमान खान का रिश्ता किसी से छिपा नहीं है. दोनों दिग्गज कलाकारों ने सालों से एक-दूसरे के साथ भाईचारा निभाया है. जैकी दादा के बेटे होने के नाते टाइगर श्रॉफ पर भी सलमान खान का हमेशा से एक अलग प्यार रहा है. सलमान न केवल टाइगर की फिटनेस और एक्शन स्किल्स की तारीफ करते आए हैं, बल्कि दोनों अक्सर नेशनल और इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म्स पर साथ नजर आते हैं.

सलमान के साथ फॉरेन टूर और मंच साझा करना बनी वजह?

अगर पिछले कुछ समय के पन्नों को पलटकर देखें, तो टाइगर श्रॉफ और सलमान खान का साथ सिर्फ निजी रिश्तों तक सीमित नहीं रहा है. टाइगर ने सलमान खान के पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के मंच पर अलग-अलग सीजन में अपनी फिल्मों के प्रमोशन के दौरान शिरकत की है. चाहे वह ‘बिग बॉस सीजन 17’ हो जहां वो अपनी फिल्म ‘गणपत’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे, या फिर ‘बिग बॉस सीजन 18’ का ‘दी दिवाली धमाका’ स्पेशल एपिसोड हो या बिग बॉस 19 में हुआ बागी का प्रमोशन, हर बार सलमान के साथ उनकी केमिस्ट्री ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं.

इसके अलावा, सलमान खान के मशहूर इंटरनेशनल लाइव कॉन्सर्ट ‘दा-बैंग – द टूर रीलोडेड’ (Da-Bangg The Tour- Reloaded) में भी टाइगर श्रॉफ ने सलमान के साथ मंच शेयर किया है, उनके साथ वरुण धवन, मनीष पॉल और सुनील ग्रोवर के साथ कई और कलाकार भी उस टूर में शामिल थे.

सलमान के साथ प्रमोट किया था खो-खो

इतना ही नहीं साल 2025 के दौरान जब देश में ‘खो-खो वर्ल्ड कप 2025’ का भव्य आयोजन हुआ था, तो सलमान खान के साथ-साथ टाइगर श्रॉफ को भी इस बड़े टूर्नामेंट का को-ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था. इस दौरान दोनों ने मिलकर कई बड़े प्रमोशनल कैंपेन किए थे.

बॉलीवुड में खौफ का माहौल

लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा हाल ही में दिए गए बयानों में इस बात के साफ संकेत दिए गए हैं कि सलमान खान के साथ मिलकर काम करने वाला या उनसे बिजनेस और मंच साझा करने वाला हर शख्स उनके निशाने पर होगा. टाइगर श्रॉफ जैसे बड़े एक्शन स्टार का इस तरह गैंग के राडार पर आना यह साबित करता है कि बॉलीवुड में सलमान खान के करीबियों के लिए सुरक्षा का मुद्दा बेहद गंभीर बन चुका है. फिलहाल, इस वारदात के बाद मुंबई पुलिस और शीर्ष सुरक्षा एजेंसियों ने टाइगर श्रॉफ के जुहू स्थित घर के इर्द-गिर्द सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है.

सोनाली नाईक

सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More

google button