साइबर ठगी, चोरी, अवैध शराब तस्करी और अवैध हथियारों के मामले में पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान 55 सिम, 49 एटीएम कार्ड, कई बैंक पासबुक, अवैध महुआ शराब और दो देशी टोपीदार बंदूकें जब्त की गईं।
.
आरोपी ग्रामीणों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर सिम और बैंक खाते खुलवाते थे। फिर गूगल पर फर्जी कॉल गर्ल वेबसाइटों के विज्ञापन देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते और रकम इन्हीं किराए के खातों में मंगवाते थे। इसके अलावा चोरी, मारपीट और अवैध शराब के मामलों में भी अलग-अलग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अवैध हथियार तस्करी का आरोपी अब भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
साइबर ठगी की शिकायतों के बाद गिरोह तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सदर थाना पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ग्रामीण इलाकों के भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर एयरटेल, जियो, वोडाफोन-आइडिया और बीएसएनएल की सिम निकलवाते थे। इसके साथ ही उनके नाम से बैंक खाते खुलवाकर पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक अपने कब्जे में ले लेते थे।
फर्जी वेबसाइट बनाकर खातों में मंगवाते थे ठगी की रकम
आरोपी गूगल पर फर्जी कॉल गर्ल वेबसाइटों के विज्ञापन डालकर लोगों को जाल में फंसाते थे। इसके बाद ऑनलाइन ठगी की रकम इन्हीं किराए के बैंक खातों में मंगवाई जाती थी। पुलिस ने गिरोह के सरगनाओं सहित कई ऐसे बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है, जो अपने खाते और एटीएम किराए पर देते थे। कार्रवाई के दौरान 55 सिम, 49 एटीएम कार्ड और कई बैंक पासबुक बरामद की गईं।
चोरी, मारपीट और अवैध शराब के मामलों में भी कार्रवाई
सदर पुलिस ने चिड़ियावासा निवासी नरेश यादव के सूने मकान में चोरी करने वाले शंकर और पंकज को भी गिरफ्तार किया है। दोनों ने 3 अगस्त को घर का ताला तोड़कर छत के पंखे, कुल्हाड़ी, कोस और ड्रम में रखे 5 हजार रुपए चोरी किए थे। वहीं नवागांव में रास्ता रोककर शराब पीने के लिए रुपए मांगने और मारपीट करने के मामले में परमेश मईडा, विठला मईडा, राकेश मकवाना और दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा गोविंद कलाल से 11 लीटर और बाबूलाल डोडीयार से 10 लीटर अवैध महुआ हाथकड़ शराब भी बरामद की गई।
सज्जनगढ़ पुलिस ने दो अवैध बंदूकें जब्त कीं
सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के पंडवाल उंकार गांव में पुलिस ने दबिश देकर दो अवैध देशी टोपीदार बंदूकें जब्त कीं। इस मामले में जोरहिंग पुत्र समसु चरपोटा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी चेतन पुत्र जोरहिंग गरासिया फरार है। उसकी तलाश जारी है। यह कार्रवाई थानाधिकारी धनपत सिंह और उनकी टीम ने की।