हवा की रफ्तार 140 KMPH…चक्रवात अर्नब दिल्ली, यूपी और बिहार में भी कोहराम मचाएगा?

साइक्लोन अर्नब का असर कहां-कहां?

चक्रवाती तूफान अर्नब (ओरनब) अगले 24 घंटे में यानी 28 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के आसपास टकरा सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में इस तूफान के और अधिक तीव्र होकर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है. आंध्र प्रदेश के अलावा यह तूफान ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार और नई दिल्ली के साथ-साथ नेपाल को प्रभावित कर सकता है.

भारतीय मौसम विभाग के नए ट्रैक के मुताबिक साइक्लोन अर्नब का सिस्टम आंध्र प्रदेश के तट को पार करने के बाद उत्तर-पश्चिम की ओर और फिर उत्तर की ओर बढ़ सकता है.

मौसम विभाग का कहना है कि यह चक्रवाती तूफान अपने बचे हुए हिस्से को उत्तर प्रदेश और नेपाल की ओर ले जा सकता है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के साथ इंटरेक्शन से उत्तरी भारत और नेपाल के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है.

Image (28 अक्टूबर को इन राज्यों में असर होगा)

कहां क्या असर होगा?

आंध्र प्रदेश- आंध्र प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के करीब 18 जिले इस तूफान से प्रभावित हो सकते हैं. तूफान के तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. आंध्र प्रदेश सरकार का कहना है कि तूफान के कारण 7 लाख लोग प्रभावित हो सकते हैं.

राज्य आपदा विभाग का कहना है कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है. मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं. मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान अर्नब के खतरे को देखते हुए दोनों राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं.

ओडिशा- जब यह चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश में प्रवेश करेगा, तब इसका असर ओडिशा में भी देखा जाएगा. ओडिशा में इस दौरान 125 KM/H की रफ्तार से हवा चल सकती है. बारिश का भी खतरा है. तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा में भी बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं. राज्य के तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.

उत्तर भारत- IMD के मुताबिक 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान अर्नब एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा. 28 अक्टूबर को यह आंध्र के तटों से टकराएगा. मौसम विभाग का कहना है कि पहले से ही बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया एक्टिव है.

यह लो प्रेशर एरिया 21 अक्टूबर को बना था, जिसके कारण तमिलनाडु और केरल में बारिश हुई थी. इस वक्त यानी 26 अक्टूबर तक यह दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी तटीय तमिलनाडु के आसपास एक्टिव है.

मौसम विभाग का मानना है कि अगर यह दोनों मिल जाता है तो यह उत्तर भारत की तरफ बढ़ेगा, जिससे नेपाल, उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश हो सकती है. इसका असर राजधानी दिल्ली में भी देखा जा सकता है.

मौसम विभाग ने झारखंड और ओडिशा में 29 अक्टूबर और बिहार में 29-30 अक्टूबर को आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

अब सवाल- ऐसा क्यों होगा?

मौसम विभाग के मुताबिक साइक्लोन अर्नब के जमीन पार करने के बाद उसका ट्रैक उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर की ओर है. अगर इसमें तमिलनाडु वाला लो प्रेशर एरिया का मर्ज होता है तो यह और ज्यादा गंभीर हो सकता है. 2023 में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय और 2021 में चक्रवाती तूफान तौकते के वक्त भी ऐसा देखा गया था.

अविनीश कुमार मिश्रा

अविनीश कुमार मिश्रा

अविनीश मिश्रा 2019 से सक्रिय पत्रकारिता में हैं. इस वक्त टीवी-9 भारतवर्ष में स्पेशल कंटेंट टीम को लीड कर रहे हैं. यह टीम टीवी-9 की हिंदी वेबसाइट, यूट्यूब और क्षेत्रीय भाषाओं के लिए स्पेशल कंटेंट तैयार करती है. स्पेशल टीम में डेटा, एनालिसिस, डेप्थ स्टोरी और एक्सपर्ट व्यू के साथ स्टोरी तैयार की जाती है. भारतीय राजनीति, सुप्रीम कोर्ट, वर्ल्ड, सोशल इश्यू, कृषि और डेवलपमेंट और डेटा जैसे विषयों पर अविनीश की मजबूत पकड़ है. खबर की इनसाइड स्टोरी बताने का हुनर भी रखते हैं. कभी-कभी इंटरव्यू भी कर लेते हैं. टीवी-9 भारतवर्ष से पहले अविनीश एबीपी न्यूज, दैनिक भास्कर और प्रभात खबर में काम कर चुके हैं. इस दौरान 2 लोकसभा और 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव ग्राउंड पर जाकर कवर किए. इन राज्यों की भौगोलिक, सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं. पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो भोपाल के माखनलाल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई के बाद अविनीश ने दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से साल 2018-19 में हिंदी पत्रकारिता की डिग्री हासिल की.हिंदी के अलावा अंग्रेजी, बांग्ला, मैथिली और भोजपुरी भाषा जानते और बोलते हैं. नई दिल्ली में रहने वाले अविनीश पुरानी दिल्ली के खाने के शौकीन हैं. फ्री टाइम में खुरापाती दिमाग को शांत रखने के लिए किताब पढ़ते हैं.

Read More

google button