इंदौर, 23 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने की राज्य सरकार की कोशिशों को शुक्रवार को बढ़ावा मिला। एक सम्मेलन में इस क्षेत्र में 15,800 करोड़ रुपये के निवेश का रास्ता साफ हुआ।

इंदौर में आयोजित ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट 2026’ में राज्य सरकार ने प्रदेश की अनुकूल भौगोलिक स्थिति, उद्योगों के अनुकूल नीतियों, बेहतर औद्योगिक माहौल और युवा प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए निवेशकों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘इस कार्यक्रम में हमने सेमीकंडक्टर क्षेत्र की पांच कंपनियों को लगभग 10,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटित की है।’’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को सम्मेलन के दौरान सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 5,800 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर पांच कंपनियों के नये प्रस्ताव मिले हैं और इन प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं के शुरू होने पर 10,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और असम जैसे राज्यों की तरह मध्यप्रदेश भी भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग के केंद्रों में शामिल हो गया है और राज्य सरकार अपनी आकर्षक सेमीकंडक्टर नीति के जरिये निवेशकों को हरसंभव मदद मुहैया कराने को तैयार है।

दो दिवसीय सम्मेलन में भारत के साथ ही वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग के दो दिग्गज देशों-जापान और ताइवान के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं।

‘ताइपे इकोनॉमिक एंड कल्चरल सेंटर इन इंडिया’ के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रभाग के निदेशक डॉ. लुंग-जेह यांग ने सम्मेलन में पेशकश की कि ताइवान, मध्यप्रदेश के युवाओं को सेमीकंडक्टर तकनीक में प्रशिक्षित करने में मदद कर सकता है।

उन्होंने कहा कि ताइवान में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं के मध्यप्रदेश लौटने से राज्य में इस क्षेत्र की तकनीकी विशेषज्ञता विकसित करने और दोनों पक्षों के बीच दीर्घकालिक सहयोग को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स एंड सेमीकंडक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक चांडक ने शुक्रवार को कहा कि मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग की प्रगति के काफी अवसर हैं क्योंकि राज्य सरकार इस सिलसिले में लगातार पहल कर रही है।

चांडक ने यह भी कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर नीतियों में बेहतर तालमेल जरूरी है।

भाषा हर्ष रवि कांत रमण

रमण

Web Title: मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 15,800 करोड़ रुपये के निवेश का रास्ता साफ