मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार को ट्रक ने कुचल दिया। बाइक ट्रक के नीचे आ गई। करीब 150 फीट तक घसीटा। बाइक सवार के ऊपर से पहिए गुजर गए। हादसे में बाइक सवार की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। मामला रसूलिया चंदननगर मेन रोड का है।

.

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 70 वर्षीय मदनलाल वर्मा के रूप में हुई है। मदनलाल ऑर्डनेंस फैक्ट्री से रिटायर्ड थे। उनकी हड्डियां चकनाचूर हो गई हैं। शरीर पर घसीटने की वजह से कई जगह चोट के निशान हैं। हादसे का CCTV फुटेज शनिवार को सामने आया है।

ट्रक बाइक को करीब 50 मीटर घसीटते ले गया।

ट्रक बाइक को करीब 50 मीटर घसीटते ले गया।

SBI ATM से रुपए निकालने गए थे पिता

मृतक के बेटे राजेंद्र वर्मा ने बताया- मदनलाल SBI ATM से रुपए निकालने गए थे। वह गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे पैसे निकालकर घर लौट रहे थे। रसूलिया चंदननगर मेन रोड पर करीब 200 से 300 मीटर तक डिवाइडर है। इससे समय ज्यादा लग रहा था।

उन्हें सही रास्ते से घर जाने के लिए करीब 200 मीटर अतिरिक्त घूमना पड़ता। इसी दूरी को बचाने के लिए उन्होंने बाइक रॉन्ग साइड डाल दी। इसी दौरान ओवरब्रिज की ओर से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई।

बाइक ट्रक के नीचे आ गई

CCTV फुटेज में दिख रहा है कि बाइक को सामने आता देख ट्रक चालक ने ब्रेक लगाकर हादसा रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक ट्रक की चपेट में आ चुकी थी। बाइक ट्रक के नीचे आ गई। मदनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के 2 दिन बाद भी बाइक मौके पर खड़ी रही।

हादसे के 2 दिन बाद भी बाइक मौके पर खड़ी रही।

सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा रहा बाइक सवार

हादसे के बाद बुजुर्ग सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े दिखाई दिए। CCTV फुटेज में घायल बुजुर्ग तड़पते दिख रहे हैं। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। गंभीर हालत में मदनलाल को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के बेटे राजेंद्र वर्मा ने बताया- हादसे के कुछ देर बाद मोहल्ले के लोगों ने परिवार को फोन कर जानकारी दी। मामले में थाने में शिकायत की गई है। ट्रक का नंबर भी पुलिस को बताया गया है। हालांकि, अभी FIR दर्ज नहीं हुई है। हादसे के दो दिन तक बाइक घटनास्थल पर सड़क किनारे पड़ी रही।

फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही

देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने बताया कि एक्सीडेंट में बुजुर्ग की मौत हुई है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ट्रक की भी जब्ती की जाएगी।