छत्तीसगढ़ में रोजगार के नए अवसर बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। नवा रायपुर में यश फैन्स की नई औद्योगिक इकाई स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में 16 अक्टूबर को इसका भूमिपूजन किया गया।
.
इस इकाई को स्थापित करने में 152.74 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। कंपनी के शुरू होने से करीब 3,500 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। यह प्रदेश की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई होगी।
छत्तीसगढ़ में बनेंगे बड़े ब्रांड के उत्पाद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत ज्यादा लोगों को रोजगार देने वाले उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यश फैन्स की नई इकाई से हजारों युवाओं और उनके परिवारों को आर्थिक सहारा मिलेगा। कंपनी क्रॉम्पटन, हैवेल्स, उषा और मिल्टन जैसे ब्रांड के लिए इलेक्ट्रिक पंखे और किचन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बनाती है। नई इकाई शुरू होने के बाद इन ब्रांड के उत्पाद छत्तीसगढ़ में भी तैयार किए जाएंगे।

छोटे कारोबारियों को भी मिलेगा फायदा
इस इकाई के शुरू होने से सिर्फ कंपनी में ही रोजगार नहीं बढ़ेगा, बल्कि आसपास के कारोबारियों को भी फायदा होगा। कल-पुर्जों की सप्लाई, पैकेजिंग, सामान की ढुलाई और दूसरी जरूरी सेवाओं की मांग बढ़ेगी। इससे स्थानीय उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को काम के नए मौके मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे नवा रायपुर और आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। सरकार की कोशिश है कि इकाई का निर्माण जल्द पूरा हो और उत्पादन शुरू होने के साथ युवाओं को रोजगार मिलने लगे।
छत्तीसगढ़ के स्टील और एल्युमिनियम का यहीं होगा इस्तेमाल
इस परियोजना की खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ में बनने वाले स्टील और एल्युमिनियम का इस्तेमाल प्रदेश में ही तैयार उत्पाद बनाने के लिए किया जाएगा। इससे राज्य के कच्चे माल से तैयार सामान बनाने की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर ज्यादा आर्थिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब तक स्टील, कोयले और बिजली के उत्पादन के जरिए देश के विकास में योगदान देता रहा है। अब राज्य में उपलब्ध संसाधनों से तैयार उत्पाद बनाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मेक इन इंडिया' अभियान के अनुरूप सरकार चाहती है कि छत्तीसगढ़ में बने उत्पाद देशभर के घरों तक पहुंचें।
हैदराबाद की कंपनी की छत्तीसगढ़ में पहली इकाई
यश फैन्स के चेयरमैन रितेश नरेडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्टील और एल्युमिनियम की उपलब्धता, देश के बीच में इसकी स्थिति, मेहनती कर्मचारी और राज्य सरकार के सहयोग के कारण कंपनी ने यहां इकाई स्थापित करने का फैसला लिया है।
हैदराबाद स्थित यश फैन्स अभी हैदराबाद और हिमाचल प्रदेश में 12 विनिर्माण इकाइयां चला रही है। नवा रायपुर में बनने वाली इकाई छत्तीसगढ़ में कंपनी की पहली इकाई होगी।
कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।