बूंदी जिले में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान होगा। नगर परिषद बूंदी के साथ-साथ नगर पालिका इन्द्रगढ़, देई और केशोरायपाटन में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इस चरण में 1 लाख 27 हजार 13 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करे
.
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पहले चरण के मतदान के लिए कुल 159 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बूंदी नगर परिषद के 94, केशोरायपाटन के 25, देई के 20 और इन्द्रगढ़ के 20 मतदान केंद्र शामिल हैं।
- नगर परिषद बूंदी में कुल 92,113 मतदाता हैं। इनमें 46,212 पुरुष और 45,901 महिला मतदाता शामिल हैं।
- इन्द्रगढ़ नगर पालिका में कुल 4,856 मतदाता हैं, जिनमें 2,445 पुरुष और 2,411 महिला मतदाता हैं।
- केशोरायपाटन नगर पालिका में 20,089 मतदाता हैं, जिनमें 9,991 पुरुष और 10,098 महिला मतदाता हैं।
- देई नगर पालिका में कुल 9,955 मतदाता हैं, जिनमें 5,017 पुरुष और 4,938 महिला मतदाता शामिल हैं।

चुनावी तैयारियों को लेकर संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल और आईजी हरेन्द्र महावर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की।
मतदान केंद्र के 100 मीटर दायरे में मोबाइल बैन इधर मतदान की तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा की गई। संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल और आईजी हरेन्द्र महावर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए यह समीक्षा की। इस दौरान बूंदी नगर परिषद, इंद्रगढ़, देई और केशोरायपाटन निकायों में मतदान व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को कानून व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
आईजी हरेन्द्र महावर ने बताया कि मतदान के दिन चुनाव ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों को छोड़कर कोई भी व्यक्ति मतदान केंद्र से 100 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन, सेलफोन या वायरलेस का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव ने मतदान की तैयारियों की जानकारी दी। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बताया।

बूंदी में पीएमश्री राजकीय विद्यालय में अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को ईवीएम और चुनाव सामग्री देकर मतदान केंद्रों पर भेजा गया।
चुनाव के लिए मतदान दल रवाना बूंदी जिले में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान बुधवार को होगा। मंगलवार को पीएमश्री राजकीय विद्यालय में बूंदी नगर परिषद के 60 वार्डों के मतदान दलों का दूसरा प्रशिक्षण पूरा हुआ। प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को ईवीएम और चुनाव सामग्री देकर मतदान केंद्रों पर भेज दिया गया।
इस प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव ने मतदान दलों को पूरी सजगता और सतर्कता के साथ शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए। एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों से बिना डर के चुनाव कराने को कहा। प्रशिक्षकों चंद्रप्रकाश राठौर, भूपेंद्र शर्मा और नवनीत जैन ने ईवीएम चलाने और मतदान प्रक्रिया की बारीकियां बताईं।