जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला ने बताया कि इन स्कूलों की दोबारा से विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सोमवार से उच्च विभाग को भेजी जाएगी। ब्लैक लिस्ट में नाम होने के बावजूद कई स्कूलों में दाखिले चल रहे हैं।
सिरसा में 16 प्राइवेट स्कूल MIS पोर्टल हुए ब्लॉक।
- Published: 13 Jul 2026, 02:00 PM IST
- Last Updated: 13 Jul 2026, 02:02 PM IST
सिरसा में शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: हरियाणा शिक्षा विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वाले निजी स्कूलों के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। प्रदेश भर में ब्लैक लिस्ट किए गए प्राइवेट स्कूलों की सूची में सिरसा जिले के भी करीब 16 स्कूल शामिल हैं। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी स्कूलों का एमआईएस (MIS) पोर्टल ब्लॉक कर दिया है, जिसके बाद अब ये स्कूल नए दाखिले नहीं कर सकेंगे।
हालांकि, हैरान करने वाली बात यह है कि ब्लैक लिस्टेड होने के बावजूद इनमें से कुछ स्कूलों में अब भी दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। इसके पीछे वजह यह है कि कुछ स्कूलों ने अपने कोड बदलवा लिए हैं, तो कुछ पहले से ही गैर-मान्यता प्राप्त या बंद हो चुके हैं।
स्कूलों का MIS पोर्टल ब्लॉक 4 मुख्य कारण
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, इन स्कूलों को बार-बार चेतावनी और दस्तावेज प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। स्कूल संचालकों द्वारा लापरवाही बरतने पर विभाग ने यह कड़ी कार्रवाई की है। पोर्टल ब्लॉक होने के मुख्य कारण निम्नलिखित हैं:
- RTE नियमों का उल्लंघन: स्कूलों ने शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत गरीब बच्चों के लिए आरक्षित 25 प्रतिशत सीटों को पोर्टल पर शो नहीं किया।
- रिन्यूअल न कराना: कई स्कूलों ने तय समय-सीमा यानी 10 साल बीत जाने के बाद भी अपनी मान्यता को रिन्यू नहीं करवाया।
- गैर-मान्यता प्राप्त होना: लिस्ट में कुछ ऐसे स्कूल भी शामिल हैं जो बिना वैध मान्यता के चल रहे थे।
- स्कूल कोड का खेल: कुछ संचालकों ने पुराना कोड बंद होने के बाद नया कोड ले लिया, जिसके कारण पुराने कोड को ब्लॉक किया गया है।
छात्रों को दे सेकेंगे केवल SLC
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई से वर्तमान में पढ़ रहे छात्रों के भविष्य को कोई नुकसान नहीं होगा। ये स्कूल जरूरत पड़ने पर छात्रों को स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (SLC) तो जारी कर सकेंगे, लेकिन पोर्टल ब्लॉक होने के कारण किसी भी नए छात्र का ऑनलाइन दाखिला (Admission) नहीं कर पाएंगे।
दोबारा भेजी जाएगी रिपोर्ट
सिरसा के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सुभाष कुमार फुटेला ने बताया कि पहले भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर ही मुख्यालय ने यह एक्शन लिया है। अब सोमवार से इन 16 स्कूलों की स्थिति की दोबारा गहनता से समीक्षा की जाएगी और एक नई रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।