रेल यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों को चलाने की घोषणा की है। आनंदपुर ट्रस्ट के आयोजन को देखते हुए दिल्ली सराय रोहिल्ला-अशोकनगर के बीच एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलेगी। वहीं, पितृपक्ष में रानी कमलापति-गया के बीच दोनों दिशाओं में 3-3 ट्रिप संचालित होंगे।

Railway, Special Train

दिल्ली अशोकनगर स्पेशल ट्रेन, आनंदपुर ट्रस्ट, पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन

  • Published: 12 Sep 2026, 11:38 AM IST
  • Last Updated: 12 Sep 2026, 12:57 PM IST

भोपाल। यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। आनंदपुर ट्रस्ट में श्री 108 गुरु महाराज जी के 100वें जन्मदिवस के आयोजन को देखते हुए दिल्ली सराय रोहिल्ला-अशोकनगर के बीच एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलेगी। इसके अलावा पितृपक्ष के दौरान रानी कमलापति-गया के बीच दोनों दिशाओं में 3-3 ट्रिप पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा।

दिल्ली सराय रोहिल्ला-अशोकनगर स्पेशल ट्रेन

गाड़ी संख्या 04004 दिल्ली सराय रोहिल्ला-अशोकनगर स्पेशल 17 सितंबर 2026 को दोपहर 12:15 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला से रवाना होगी। यह ट्रेन फरीदाबाद, कोसीकलां, मथुरा जंक्शन, गंगापुर सिटी जंक्शन, सोगरिया और गुना होते हुए 18 सितंबर को सुबह 3 बजे अशोकनगर पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04003 अशोकनगर-दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल 21 सितंबर को शाम 5 बजे अशोकनगर से रवाना होगी। यह ट्रेन गुना, सोगरिया, गंगापुर सिटी, मथुरा जंक्शन, कोसीकलां और फरीदाबाद होते हुए 22 सितंबर को सुबह 8:45 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।

यह स्पेशल ट्रेन 24 कोच की होगी। इसमें 1 थर्ड एसी, 2 स्लीपर, 19 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल रहेंगे।

पितृपक्ष में रानी कमलापति-गया के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

पितृपक्ष के दौरान गया जाने वाले श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए गाड़ी संख्या 01661/01662 रानी कमलापति-गया-रानी कमलापति पितृपक्ष स्पेशल दोनों दिशाओं में 3-3 ट्रिप चलेगी।

गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति-गया 27 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3:20 बजे रानी कमलापति से रवाना होगी। यह ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन और अनुग्रह नारायण रोड होते हुए अगले दिन दोपहर 2:30 बजे गया पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 01662 गया-रानी कमलापति 30 सितंबर, 5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3:30 बजे गया से रवाना होगी। यह ट्रेन अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी, सिहोरा रोड, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी और नर्मदापुरम होते हुए शाम 4:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।

पितृपक्ष स्पेशल में 24 कोच

पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 4 सामान्य श्रेणी, 12 शयनयान, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाएं। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया का कहना है कि यात्री रेलवे आरक्षण केंद्रों और ऑनलाइन आईआरसीटीसी के माध्यम से आरक्षण करा सकते हैं।

यात्रा से पहले ट्रेन के ठहराव और समय की ताजा जानकारी एनटीईएस या भारतीय रेल की आधिकारिक वेबसाइट से जरूर जांच लें।