अंबिकापुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 3 दिवसीय सद्भावना बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन। विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर फिटनेस और एकता का संदेश दिया।

T.S. Singh Deo was present at the final

फाइनल में टी.एस. सिंहदेव की रही मौजूदगी

  • Published: 17 Aug 2026, 05:32 PM IST
  • Last Updated: 17 Aug 2026, 05:32 PM IST

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेलों के माध्यम से फिटनेस, आपसी सद्भाव और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से 14 से 16 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय सद्भावना बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का शानदार परिचय दिया। प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रवेश शुल्क पूरी तरह निःशुल्क रखा गया था।

चार आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया साहस
प्रतियोगिता में चार आयु वर्गों में मुकाबले खेले गए। 20 वर्ष प्लस ओपन वर्ग में 32 टीमों के 64 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और कुल 27 मैच खेले गए। वहीं 30 वर्ष प्लस वर्ग में 24 टीमों के 48 खिलाड़ियों ने भाग लिया तथा 27 मैच हुए। 45 वर्ष प्लस वर्ग में 18 टीमों के 36 खिलाड़ी मैदान में उतरे और कुल 26 मैच खेले गए। इसके अलावा 60 से 65 वर्ष आयु वर्ग में भी दो मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें छह खिलाड़ियों ने सहभागिता की।

Sadbhavna Badminton Tournament

तीन दिनों तक दिखा उत्साह
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ 14 अगस्त को शाम 5:30 बजे हुआ, जबकि प्रतियोगिता का समापन 16 अगस्त की शाम हुआ। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बता दें कि, इस आयोजन में खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा, खेल के जरिए फिटनेस फर्स्ट, फिट इण्डिया संदेश, सद्भावना और एकता का संदेश देने का उद्देश्य था। 

Sadbhavna Badminton Tournament

पहले दिन वरिष्ठ खिलाड़ियों ने किया शुभारंभ
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ियों राजीव स्वर्णकार, अखिलेश श्रीवास्तव, देवपाल सिंह, नसीम खान एवं अरुण मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित खेल और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

Sadbhavna Badminton Tournament

दूसरे दिन क्वार्टर फाइनल में दिखा रोमांच
द्वितीय दिवस नगर निगम अम्बिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ नगर निगम एमआईसी सदस्य मनीष सिंह, पार्षदगण विजय सोनी, शैलेष प्रताप सिंह, दीपक यादव, रविकांत उरांव, छोटू थॉमस एवं अशोक सोनी की उपस्थिति में क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। इस दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों का आनंद दिया।

सेमीफाइनल में खिलाड़ियों ने दिखाया जोश
प्रतियोगिता के तीसरे दिन शाम 4 बजे सेमीफाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। इस अवसर पर नगर निगम की एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता एवं प्रियंका गुप्ता, पार्षद किरण साहू तथा अनोखी सोच संस्था के सदस्य प्रकाश साहू, वेदांत तिवारी एवं दिनेश गर्ग उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

टी.एस. सिंहदेव की मौजूदगी में हुआ फाइनल
प्रतियोगिता का सबसे आकर्षक मुकाबला तीसरे दिन रात्रि 8 से 9 बजे के बीच खेला गया। फाइनल मुकाबले में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सरगुजा महाराजा टी.एस. सिंहदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ द्वितेन्द्र मिश्रा, जेपी श्रीवास्तव, बंटी शर्मा, हेमंत सिन्हा, विनोद गुप्ता, श्याम किशोर गर्ग एवं सरोज साहू की उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए आयोजन की सराहना की।

युवा टीम ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजनकर्ता युवा टीम के सदस्य हर्ष साहू, आनंद गर्ग, कमल, शिवेन्द्र, अनिल, घनश्याम, अनुपम, वैभव, आयुष, आदित्य, अविरल एवं मो. कैफ सहित पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक टीम के सदस्य आनंदधर दीवान, पवनीत सिंह, डॉ. अंकित, वैभव जायसवाल, प्रो. केरकेट्टा, एलिसन थॉमस एवं शौर्य प्रताप सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Sadbhavna Badminton Tournament

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)