Delhi Sanjay Lake Incident: दिल्ली के पांडव नगर में संजय झील में डूबने से 3 दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Delhi Sanjay Lake Incident

दिल्ली की संजय झील में डूबने से 3 दोस्तों की मौत।

  • Published: 02 Sep 2026, 11:32 AM IST
  • Last Updated: 02 Sep 2026, 11:32 AM IST

Delhi Sanjay Lake Incident: पूर्वी दिल्ली के थाना पांडव नगर एरिया से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर संजय झील में डूबने से 3 दोस्तों की मौत हो गई। घटना के बारे में पता लगने पर तुरंत गोताखोरों की टीम बुलाई गई, जिसके बाद तीनों शवों को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं इस हादसे के बाद से ही मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। 

तीनों दोस्त नहाने गए थे

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों की पहचान आशीष नौटियाल, सौरव रावत और साहिल खान के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों दोस्त कल्याणपुरी के रहने वाले थे। ऐसा कहा जा रहा है कि तीनों दोस्त मंगलवार को संजय लेक में नहाने के लिए गए थे, इसी दौरान हादसा हो गया। जांच में सामने आया है कि सौरव नहाने के लिए झील में कूदा, जब वह डूबने लगा तो, उसे 2 दोस्त साहिल और आशीष बचाने के लिए कूद गए, जिसके चलते तीनों की डूबने से मौत हो गई।  

पुलिस का कहना है कि मंगलवार शाम पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में कोटला गांव के पास संजय झील में 3 दोस्त डूब गए।  पुलिस को मामले के बारे में शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली, जिसके पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि मृतकों की उम्र  22 से 25 साल है। तीनों को पानी से बाहर निकाला गया, और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। 

AAP विधायक कुलदीप कुमार मोनू ने लगाए आरोप

हादसे के बारे में पता लगने पर कोंडली विधानसभा से AAP के विधायक कुलदीप कुमार मोनू भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने मृतकों के परिवारों से मुलाकात कर हादसे पर संवेदना जताई और गंभीर सवाल खड़े किए। कुलदीप कुमार लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भी पहुंचे,

इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि "मुझे जानकारी मिली है कि संजय झील में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। यह बहुत दुख की बात है, तीनों मेरे कल्याणपुरी के रहने वाले हैं। तीनों दोस्त थे।"

AAP विधायक ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, आप अगर डीडीए के पार्क में मौतों पर नजर डालोगे, तो पिछले एक महीने में ऐसी घटनाओं में 10 से 15 ऐसी घटनाएं मिलेंगी, जहां पर युवकों की मौत हुई हैं।"
प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए AAP विधायक ने कहा कि आखिर एक मौत के बाद ही सरकार क्यों नहीं जागी।

उन्होंने कहा कि झीलों के अंदर प्रोटेक्शन की जालियां और गार्ड्स क्यों नहीं लगाए गए हैं। उस पार्क में गार्ड नहीं थे, क्या वहां पर कोई प्रशासन का कर्मचारी नहीं था? यह DDA और सरकार की बड़ी लापरवाही है। सरकार की लापरवाही के कारण लोगों की जान जा रही है, अगर वहां पर प्रोटेक्शन होता, तो तीन बच्चे बच जाते।  

विधायक कुलदीप कुमार मोनू ने कहा, "मैं चाहता हूं कि संजय लेक में और बच्चों की जान न जाए, वहां पर प्रोटेक्शन लगाया जाए. इस घटना से डीडीए और दिल्ली सरकार क्या सीख ले रही है. तीनों बच्चों के परिवार के लोग कैसे सब्र कर पाएंगे. मेरे कल्याणपुरी में पिछले एक हफ्ते में अपराध की कई घटनाएं हो चुकी हैं."