
ओमचंद्र उर्फ सोनू और उसकी बहन गायत्री देवी.
Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके से एक बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां दानापुर के नासरीगंज स्थित मिथिला कॉलोनी में बिहार पुलिस के एक सिपाही ने अपनी शादीशुदा बहन को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया. दोनों भाई-बहन के शव तीसरी मंजिल के कमरे में एक ही बेड पर खून से लथपथ मिले. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सर्विस रिवॉल्वर, 33 जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए.
मृतकों की पहचान ओमचंद्र उर्फ सोनू (30 वर्ष) और उसकी बहन गायत्री देवी (21 वर्ष) के रूप में हुई है. मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मरथुआ गांव के रहने वाले ओमचंद्र को पिता के निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नौकरी मिली थी और वह वर्तमान में मोतिहारी में सिपाही के पद पर तैनात था.
ओमचंद्र अपने छोटे भाई उमानाथ और दो बहनों के साथ मिथिला कॉलोनी में ब्रजेश सिंह के मकान में किराए पर रह रहा था. 2 महीने बाद ओमचंद्र की शादी होने वाली थी और घर में तैयारियों का माहौल था.
‘बहन की मानसिक हालत ठीक नहीं थी, दुकानदारों की उधारी से था तनाव’
छोटे भाई उमानाथ ने बताया कि बहन गायत्री देवी की शादी 2004 में बक्सर जिले के गायघाट में हुई थी. लेकिन उसकी मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण ससुराल वाले उसे अपने पास नहीं रखना चाहते थे. मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था और तीन महीने पहले ही ओमचंद्र उसे इलाज के बाद दानापुर लाया था.
ये भी पढ़ें: पटना में कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान 11 बच्चे गंगा में डूबे 1 की मौत, 4 बचाए गए और 6 की तलाश जारी
उमानाथ के अनुसार, गायत्री आसपास की दुकानों से सामान उधार ले लेती थी और दुकानदार ओमचंद्र से पैसों का तकादा करते थे. हाल ही में कुछ दुकानदारों ने बकाया राशि मांगी थी, जिससे ओमचंद्र काफी तनाव में चल रहा था.
सर्विस पिस्टल से वारदात, पुलिस जांच में जुटी
सिटी एसपी (वेस्ट) संकेत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया- मृतक ओमचंद्र मोतिहारी जिले में सिपाही के पद पर कार्यरत था. वारदात के वक्त घर में केवल भाई-बहन मौजूद थे. सिपाही ने आपसी विवाद और अत्यधिक मानसिक तनाव में आकर पहले अपनी बीमार बहन को गोली मारी और फिर उसी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली.
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक और पुलिस टीम मामले के सभी कानूनी और व्यक्तिगत पहलुओं की जांच कर रही है.

तन्वी गुप्ता
तन्वी गुप्ता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की रहने वाली हैं. स्कूल-कॉलेज धर्मशाला से करने के बाद शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से MMC की पढ़ाई की. मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. चंडीगढ़, हैदराबाद में नौकरी करने के बाद फिलहाल दिल्ली में जॉब कर रही हैं. प्रिंट, टेलीविजन के बाद 2017 से डिजिटल मीडिया के लिए काम कर रही हैं. इससे पहले आजतक, न्यूज18, द ट्रिब्यून, ईटीवी भारत और इंडिया न्यूज सहित कुछ अन्य मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं. क्राइम, इतिहास और साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खबरों में खास रूचि है. फिलहाल टीवी9 डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम संभाल रही हैं. नौकरी के अलावा खेल-कूद और घूमने फिरने में भी काफी दिलचस्पी है. नेशनल लेवल पर वॉलीबॉल और बैडमिंटन खेल चुकी हैं. साथ ही खो-खो खेल में भी स्टेट लेवल तक खेल चुकी हैं. इसके अलावा एनसीसी 'C' सर्टिफिकेट प्राप्त है. गाना सुनना तो पसंद है ही. लेकिन सिंगिंग का भी शौक रखती हैं. स्कूल और कॉलेज लेवल पर सिंगिंग में भी काफी पुरस्कार मिल चुके हैं.
Read More