वो 2 टूल जिनकी मदद से चाइनीज हैकर ने कर रखा था अमेरिका की नाक में दम

फोटो क्रेडिट- GettyImages.

अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने चीन से जुड़े हैकर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. FBI ने दो ऐसे टूल सीज किए हैं, जिनकी मदद से हैकर्स अमेरिका समेत कई देशों के कंप्यूटर नेटवर्क में घुसपैठ कर रहे थे. इन टूल्स के नाम Microscan और FishHub हैं. इनका इस्तेमाल बिजली कंपनियों, एयरपोर्ट, यूनिवर्सिटी और जरूरी सेवाएं देने वाली कंपनियों को निशाना बनाने में किया जा रहा था. FBI और अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने गुरुवार को बताया कि ये टूल Flax Typhoon नाम के हैकिंग ग्रुप से जुड़े थे. अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि इस ग्रुप के संबंध चीन सरकार से हैं.

1. Microscan टूल क्या है और कैसे काम करता था?

Microscan एक ऐसा टूल है, जिससे हैकर्स कंप्यूटर नेटवर्क की जांच करते थे. इसकी मदद से वे नेटवर्क की कमजोरियां खोजते और हमला करने के लिए सिस्टम चुनते थे. इस टूल से अमेरिका की एक बिजली कंपनी और जापान-पोलैंड के एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया. ताइवान की यूनिवर्सिटी, जरूरी सेवाओं से जुड़ी कंपनियां और एक अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन भी निशाने पर थे.

2. FishHub टूल क्या है और कैसे काम करता था?

FishHub का इस्तेमाल फिशिंग के लिए होता था, यानी लोगों को धोखा देकर उनके कंप्यूटर नेटवर्क तक पहुंच बनाना. हैकर्स इस टूल की मदद से लोगों को ऑनलाइन जाल में फंसाते थे. FBI के मुताबिक, इससे हैकर्स को दूसरे लोगों के कंप्यूटर नेटवर्क में दूर से घुसने की सुविधा मिलती थी. यानी हैकर्स दूसरे देश में बैठे-बैठे भी निशाना बनाए गए नेटवर्क तक पहुंच सकते थे.

इन टूल्स के पीछे कौन था?

FBI के मुताबिक, इन टूल्स को चीन की Integrity Technology Group नाम की साइबर सुरक्षा कंपनी चला रही थी. इस कंपनी के चीन सरकार के साथ कॉन्ट्रैक्ट हैं. FBI का मानना है कि यही कंपनी Flax Typhoon हैकिंग ग्रुप के पीछे है.

सितंबर 2024 में भी FBI ने इस ग्रुप के एक बड़े हैकिंग नेटवर्क को बंद कराया था. तब हैकर्स ने 2 लाख से ज्यादा कैमरों, वीडियो रिकॉर्डर और घरों-दफ्तरों के इंटरनेट राउटर में खतरनाक सॉफ्टवेयर डाल दिया था. इन उपकरणों का इस्तेमाल लोगों की निजी और संवेदनशील जानकारी चुराने जैसे साइबर अपराधों में किया जाता था.

अब FBI क्या करेगी?

FBI अधिकारी जेसन बिलनोस्की ने इस हैकिंग अभियान को खतरनाक बताया. उन्होंने कहा कि एजेंसी हैकर्स के नेटवर्क, पैसे और टूल्स को निशाना बना रही है. FBI ने दोनों टूल्स को बेकार कर दिया है. अधिकारी ब्रेट लैली ने कहा कि अब इस बात पर नजर रखी जाएगी कि चीनी कंपनी दोबारा अपना हैकिंग नेटवर्क खड़ा करती है या नहीं.

यह भी पढ़ें: US में सजा-ए मौत की Live Streaming, पूर्व मेजर को क्यों दी जा रही डेथ?

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button