Raja Raghuvanshi Murder Case: बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब एक नया और अप्रत्याशित मोड़ सामने आया है. हत्या की जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बीच अब राजा रघुवंशी और मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की शादी का कैटरिंग बिल विवादों में आ गया है. शादी के आयोजन में कैटरिंग सेवा देने वाले कारोबारी ने बकाया भुगतान नहीं मिलने पर दोनों परिवारों को कानूनी नोटिस भेज दिया है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तय समय में भुगतान नहीं किया गया तो अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा.
जानकारी के अनुसार, कैटरर हितेश रोहिरा ने राजा रघुवंशी के भाई और सोनम रघुवंशी के पिता को 15 दिन का लीगल नोटिस भेजा है. नोटिस में शादी समारोह का बकाया भुगतान करने की मांग की गई है. कैटरर के अधिवक्ता जयंत दुबे के मुताबिक, राजा और सोनम की शादी 10 और 11 मई 2025 को इंदौर में आयोजित हुई थी. इस समारोह के लिए कैटरिंग का कुल बिल 11 लाख 42 हजार 550 रुपये बना था. इसमें से करीब 8 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया, लेकिन 2 लाख 82 हजार 550 रुपये अब भी बकाया हैं.
दोनों परिवारों को भेजा गया कानूनी नोटिस
अधिवक्ता का कहना है कि बकाया राशि को लेकर अप्रैल 2026 में दोनों परिवारों को कानूनी नोटिस भेजा गया था, लेकिन अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है. उनका कहना है कि दोनों परिवार भुगतान की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं, जिसके कारण कैटरर को अपनी मेहनत की रकम नहीं मिल सकी है. ऐसे में अब यदि निर्धारित समय के भीतर भुगतान नहीं किया जाता है तो इंदौर की अदालत में धोखाधड़ी और बकाया वसूली से संबंधित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कौन चुकाएगा बकाया भुगतान?
गौरतलब है कि राजा रघुवंशी हत्याकांड देशभर में चर्चा का विषय बना था. मई 2025 में मेघालय में राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी को मुख्य आरोपी बनाया गया था. मामले में कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है और हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद सोनम ने आत्मसमर्पण किया था.
इसी बीच शादी से जुड़ा यह आर्थिक विवाद भी सामने आने से मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि दोनों परिवारों में से बकाया राशि का भुगतान कौन करता है या फिर यह विवाद अदालत तक पहुंचता है. फिलहाल कैटरर ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में अगले कदम का इंतजार किया जा रहा है.

संदीप मिश्रा
संदीप मिश्रा विगत 12 सालों से इंदौर में पत्रकारिता कर रहे हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में रहते हुए काफी महत्वपूर्ण खबरों में सक्रिय रहे. इस दौरान मध्य प्रदेश के प्रमुख अखबार और रिजनल चैनल्स के साथ ही लोकल चैनल्स में भी रहे. इसमें प्रमुख तौर पर बंसल न्यूज, स्वराज एक्सप्रेस जैसे चैनल शामिल रहे.
Read More