
स्टीव स्मिथ ने 2 जबरदस्त कैच लपके.Image Credit source: Getty Images
डरबन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने खराब शुरुआत के बाद अच्छी वापसी की. पहले दिन जल्दी-जल्दी 6 विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 390 रन का दमदार स्कोर खड़ा किया. इसकी वजह मैट रेनशॉ बने, जिन्होंने 190 रन की यादगार पारी खेली. फिर तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी में वापसी की और इसमें बड़ी भूमिका निभाई स्टीव स्मिथ ने, जिनका बल्ला पहली पारी में नहीं चला लेकिन उन्होंने दो जबरदस्त कैच लेकर टीम की वापसी में योगदान दिया.
किंग्समीड स्टेडियम में 9 अक्टूबर से शुरू हुए इस टेस्ट मैच के तीसरे दिन साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी 27 रन पर 1 विकेट के नुकसान से आगे शुरू की थी. एडन मार्करम और डेविड बेडिंगहम ने पारी को दमदार अंदाज में आगे बढ़ाया और 84 रन की साझेदारी की, जब मिचेल स्टार्क ने मार्करम को आउट किया. इसके बाद आए साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा, जिनसे बड़ी उम्मीदें थीं.
पहले समझदारी से लपका कैच
मगर क्रीज पर उतरने के बाद से ही बावुमा को रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा और इसका असर ये हुआ कि 26 गेंदों में सिर्फ 3 रन बनाने वाले बावुमा ने रिवर्स स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की. उनकी ये कोशिश नाकाम रही और वजह बने स्टीव स्मिथ. ऑफ स्पिनर नाथन लायन की गेंद पर बावुमा ने ये शॉट खेला लेकिन स्लिप पर तैनात स्मिथ ने तुरंत इसे भांप लिया और अपने दाईं ओर जाने लगे. उनका ये अंदाजा सही साबित हुआ और स्मिथ ने एक अच्छा लपक लिया. ये कैच इसलिए खास था क्योंकि अगर स्मिथ शॉट खेलने तक का इंतजार करते तो वो ये कैच नहीं ले पाते.
A Brilliant Catch From Steve Smith Nathan Lyon Strikes Temba Bavuma Gone 😋🔥 https://t.co/hlB9UAQiB3
— Cricket Dani (@CricketDani56) October 11, 2026
फिर फुर्ती दिखाकर चौंकाया
अगर ये कैच स्मिथ की समझदारी का नतीजा था तो अगला कैच तो उनकी फुर्ती और बेहतरीन फील्डिंग का नायाब नमूना था. इस बार शिकार बने डेविड बेडिंगहम, जो अपने अर्धशतक से सिर्फ एक रन दूर थे. इस बार कप्तान पैट कमिंस की गेंद पर अतिरिक्त उछाल था और इसमें रफ्तार भी अच्छी थी. बेडिंगहम बल्ला लगाने के लिए मजबूर हो गए. गेंद उनके बैट के ऊपरी हिस्से पर लगकर पहली स्लिप की ओर गई लेकिन दूसरी स्लिप पर मौजूद स्मिथ ने बाईं ओर हवा में उछलकर जबरदस्त कैच लेकर साउथ अफ्रीका को चौथा झटका दिया.
A Beautiful Catch From Steve Smith Captain Pat Cummins Gets His 1st 😮💨🔥 https://t.co/8b926hxEj2
— Cricket Dani (@CricketDani56) October 11, 2026

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More