Updated On: Aug 02, 2026 | 03:51 PM IST

विज्ञापन

सार

Pune Bharti Hospital: पुणे के भारती अस्पताल परिसर में 20 फीट ऊंची दीवार गिरने से 40 से 50 वाहन मलबे में दब गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल टीम ने मलबा हटाया।

A 20-foot wall collapsed at Bharti Hospital parking in Pune, trapping nearly 50 vehicles under debris. No casualties were reported as fire brigade cleared the area.

मलबे में दबे वाहन प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स-सोशल मीडिया)

विस्तार

Pune Bharati Hospital Wall Collapse: पुणे के भारती अस्पताल परिसर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल के पार्किंग क्षेत्र में स्थित करीब 100 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची पत्थर और ईंटों से बनी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से पार्किंग में खड़े लगभग 40 से 50 वाहन मलबे के नीचे दब गए, जिनमें अधिकांश दोपहिया वाहन शामिल थे।

कोई जनहानि नहीं, वाहनों को भारी नुकसान

घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। इससे लगभग एक घंटे पहले अस्पताल के प्रशासनिक कार्यालय के कर्मचारी अपनी मोटरसाइकिलें दीवार के पास खड़ी कर कार्यालय चले गए थे। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय पार्किंग क्षेत्र में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इस कारण कोई जनहानि या घायल होने की घटना नहीं हुई, हालांकि कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।

दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा

दीवार गिरने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल अधिकारी वसंत भिलारे, रामदास शिंदे, किरण पाटिल, कुंभार, मयूर काटे, शिर्के, मुजावर और अन्य कर्मचारियों ने सबसे पहले यह सुनिश्चित किया कि मलबे के नीचे कोई व्यक्ति फंसा न हो। इसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।

सम्बंधित ख़बरें

यह भी पढ़ें:- मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जोन-3 में 21 आदतन अपराधी तड़ीपार, संगठित अपराध और वसूली पर कसा शिकंजा

जेसीबी की मदद से हटाया गया मलबा

दमकलकर्मियों ने जेसीबी मशीन की सहायता से मलबा हटाने का अभियान चलाया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान दबे हुए वाहनों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। प्रारंभिक जांच में किसी के मलबे में फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

दीवार गिरने के कारणों की होगी जांच

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां दीवार गिरने के कारणों की जांच में जुट गई हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Follow Navbharatlive whatsapp