Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा में लिफ्ट से जुड़े हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. सेक्टर-51 स्थित एक बैंक्वेट हॉल में गुरुवार को कार्यक्रम के दौरान लिफ्ट अचानक बीच में अटक गई, जिससे उसमें सवार छह लोग 20 मिनट तक अंदर फंसे रहे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.

चलते-चलते अचानक अटक गई लिफ्ट

घटना नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल की है. यहां उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था. कार्यक्रम के दौरान अचानक एक लिफ्ट झटके के साथ बीच में रुक गई और उसमें सवार छह लोग अंदर फंस गए. इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

ये भी पढे़ं- जंतर-मंतर प्रदर्शन में PM मोदी पर की अभद्र टिप्पणी, नोएडा में युवती पर जीरो FIR दर्ज; पुलिस जांच में जुटी

20 मिनट तक अंदर फंसे रहे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट में फंसे लोग करीब 20 मिनट तक बाहर निकलने का इंतजार करते रहे. सूचना मिलते ही सेक्टर-49 थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और कर्मचारियों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खुलवाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

बड़ा हादसा टला, कोई घायल नहीं

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है. समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद बैंक्वेट हॉल में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली.

थाना प्रभारी सेक्टर-49 ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे. हालांकि, जिस लिफ्ट में खराबी आई, उसमें वे सवार नहीं थे. वे दूसरी लिफ्ट का उपयोग कर रहे थे और पूरी तरह सुरक्षित हैं.

लिफ्ट सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

नोएडा में हाल के दिनों में लिफ्ट खराब होने और लोगों के फंसने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. प्रदेश में लिफ्ट एक्ट लागू होने के बावजूद ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे लिफ्टों की सुरक्षा और नियमित रखरखाव को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि लिफ्ट में तकनीकी खराबी कैसे आई.

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

google button