अनुग्रह नारायण शाही | देवरिया3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

देवरिया में शनिवार शाम करीब 7 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। मामला लार थाना क्षेत्र के पटनेजी गांव का है।

शराब के नशे में टॉवर पर चढ़ा युवक

युवक की पहचान मटियरा निवासी मनीष गौड़ पुत्र कन्हैया गौड़ के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने उसे टॉवर पर चढ़े देखा तो लार पुलिस को सूचना दी।

लार प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने युवक से लगातार बातचीत करते हुए उसे नीचे आने के लिए समझाया। पुलिस के मुताबिक, युवक शराब के नशे में था। ऐसे में किसी अनहोनी से बचने के लिए पुलिस ने सावधानी बरतते हुए उसे नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया।

ड्रोन से रखी गई नजर, फायर ब्रिगेड भी पहुंची

टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से युवक की स्थिति पर नजर रखी। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और टॉवर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए थे। पुलिस ने लोगों को टॉवर से दूर रखा, ताकि बचाव कार्य के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

तीन घंटे बाद सुरक्षित उतारा

पुलिस और बचाव टीम की लगातार कोशिशों के बाद करीब तीन घंटे में युवक को टॉवर से नीचे उतार लिया गया। नीचे आने के बाद युवक लड़खड़ा रहा था। पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार ले गई। पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी जुटाई है और युवक की मेडिकल जांच कराई जा रही है।

लगातार दूसरे दिन इसी टॉवर पर घटना

पटनेजी के इसी मोबाइल टॉवर पर लगातार दूसरे दिन ऐसी घटना सामने आई है। ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार को भी एक किशोरी के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कई घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा था। अगले ही दिन युवक के टॉवर पर चढ़ने से पुलिस और प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चुनौती बढ़ गई है।

सुरक्षा इंतजामों पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

लगातार दो घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने मोबाइल टॉवर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि टॉवर परिसर में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए, ताकि कोई व्यक्ति आसानी से वहां तक न पहुंच सके। ग्रामीणों ने टॉवर परिसर की निगरानी बढ़ाने और अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।

.