उन्नाव पहुंचे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत:बोले- हर कार्यकर्ता खुद को रोहित मिश्र समझे, 2027 में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य
उन्नाव2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

उन्नाव में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्र का शुक्रवार को उन्नाव पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। गदनखेड़ा बाईपास स्थित बैसवारा द्वार पर दोपहर से ही सैकड़ों कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए जुटे थे। शाम करीब पांच बजे काफिला पहुंचते ही भारत माता की जय और युवा मोर्चा जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंज उठा।
कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से फूल बरसाकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। ढोल-नगाड़े, डीजे और आतिशबाजी के साथ सड़क पर गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई गईं। इसके बाद बाइक और चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ उन्हें भाजपा जिला कार्यालय ले जाया गया। रास्ते में भी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया।
बोले- पद नहीं, बड़ी जिम्मेदारी है
भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित मिश्र ने कहा कि हर कार्यकर्ता खुद को रोहित मिश्र समझे। प्रदेश अध्यक्ष का पद उनके लिए पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 2027 में प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनाना संगठन का लक्ष्य है।
उन्होंने बूथ स्तर तक युवाओं को जोड़कर संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। कहा कि सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक विपक्ष के झूठ का जवाब देना होगा। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम करना होगा।

सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार पर जोर
बेरोजगारी के सवाल पर डॉ. मिश्र ने कहा कि सरकार बनने के बाद पुलिस विभाग में सवा लाख से ज्यादा भर्तियां निष्पक्ष तरीके से हुई हैं। लोक सेवा आयोग और यूपीएसएसएससी के माध्यम से भी लगातार भर्तियां चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरी अहम है, लेकिन रोजगार का मतलब सिर्फ सरकारी नौकरी नहीं है। स्वरोजगार के जरिए भी युवा अपने परिवार का पालन-पोषण और सामाजिक सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में भी लगातार काम कर रही है।

राहुल गांधी के EVM बयान पर निशाना
राहुल गांधी के EVM को लेकर दिए बयान पर डॉ. रोहित मिश्र ने कहा कि पहले 2027 का चुनाव देख लें। 2029 का चुनाव EVM से होगा या बैलेट पेपर से, यह बाद की बात है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जनता के समर्थन, जनादेश और सुशासन के दम पर दोबारा सरकार बनाएगी।
सीटों के बंटवारे और किसकी सीट बचेगी या कटेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह संबंधित लोगों का विषय है। भाजयुमो युवाओं के रोजगार और सरकार की निष्पक्ष भर्तियों को लेकर जनता के बीच जाएगा।

युवाओं की नाराजगी दूर करने की बात कही
विपक्षी दलों के बीच युवाओं में नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे किसी को साधने की बात नहीं करते। सभी उनके छोटे-बड़े भाई हैं। अगर किसी के मन में रोष है तो उनके बीच जाकर उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष, नगर पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ललित द्विवेदी ने सभी का आभार जताया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
.