Aug 23, 2026 09:07 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
भाजपा नेतृत्व सात प्रमुख राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, गोवा, गुजरात और हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष चुनावी रणनीति तैयार कर रहा है। इनमें से पांच राज्यों में भाजपा की सरकार है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर नई राष्ट्रीय टीम के साथ लगभग पांच घंटे तक गहन विचार-विमर्श किया।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए अपनी रणनीतिक तैयारी को तेज कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठकों के दौर में जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने और युवा मतदाताओं- खासक 'Gen Z' को पार्टी से जोड़ने पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है।
भाजपा नेतृत्व सात प्रमुख राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, गोवा, गुजरात और हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष चुनावी रणनीति तैयार कर रहा है। इनमें से पांच राज्यों में वर्तमान में भाजपा की सरकार है।
प्रधानमंत्री मोदी की 5 घंटे की मैराथन बैठक
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर नई राष्ट्रीय टीम के साथ लगभग पांच घंटे तक गहन विचार-विमर्श किया।
प्रधानमंत्री ने पदाधिकारियों को आम जनता से सीधे जुड़े रहने, संगठन के आधार को और व्यापक बनाने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
बैठक में नई पीढ़ी की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक परिवेश के अनुरूप भाजपा की कार्यशैली में इनोवेशन लाने पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने मंत्रियों और पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि वे विश्वविद्यालयों और सरकारी स्कूलों में छात्रों और युवाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करें।
'वंदे मातरम' संकल्प और 'सेवा संकल्प अभियान'
संगठन की बैठकों के दौरान भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया।
कांग्रेस के अपने कार्यक्रमों में 'वंदे मातरम' के केवल दो पदों के गायन के रुख की आलोचना करते हुए भाजपा ने पूरे राष्ट्रगीत (सभी छह छंदों) के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने का संकल्प लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पार्टी एक महीने का राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी, जिसमें युवाओं की सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
किस राज्य के लिए किसको क्या जिम्मेदारी?
- उत्तर प्रदेश: विनोद तावड़े को प्रभारी बनाकर कैडर मनोबल और सामाजिक समीकरणों को मजबूत करना।
- गुजरात: तरुण चुघ के नेतृत्व में मजबूत संगठन बनाए रखना।
- पंजाब: सतीश पूनिया के नेतृत्व में संगठन का विस्तार करना।
- उत्तराखंड और गोवा: सत्ता विरोधी लहर को बेअसर करने के लिए जमीनी स्तर पर पहुंच।
- हिमाचल प्रदेश: नए कैडर विस्तार और राज्य सरकार के खिलाफ मुद्दों को भुनाना।
- मणिपुर: शांति बहाली और विकास से जुड़े एजेंडे के साथ संगठन को मजबूत करना।
नितिन नवीन की नई टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं (Gen Z) के बीच पैठ बनाकर 2027 के राज्य चुनावों में जीत का प्रदर्शन दोहराना है।
