
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता.
दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को किराड़ी, बवाना, मुंडका, नरेला और नांगलोई जाट विधानसभा क्षेत्रों की अनधिकृत कॉलोनियों में 214.12 करोड़ रुपये की लागत से 53 विकास कार्यों का शिलान्यास किया.
दिल्ली सरकार के मुताबिक इन परियोजनाओं से करीब 1 लाख 75 हजार नागरिकों को फायदा मिलेगा. 27 अनधिकृत कॉलोनियों में 1,062 सड़क और गलियों का विकास किया जाएगा. इसके साथ करीब 89.82 किलोमीटर सड़क नेटवर्क और 147.69 किलोमीटर ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाएगा. सरकार का दावा है कि इससे जल निकासी बेहतर होगी और जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सड़क, नाली, सीवेज और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाएं हर नागरिक का अधिकार हैं. सरकार का लक्ष्य है कि विकास केवल मुख्य सड़कों तक सीमित न रहे, बल्कि दिल्ली की हर गली और हर क्षेत्र तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है.
किराड़ी में सबसे ज्यादा 105 करोड़ के काम
53 परियोजनाओं में सबसे बड़ा हिस्सा किराड़ी विधानसभा क्षेत्र का है. यहां 14 अनधिकृत कॉलोनियों में 105.51 करोड़ रुपये की लागत से 27 विकास कार्य किए जाएंगे. इसके तहत 640 सड़कों और गलियों के विकास के साथ 50.71 किलोमीटर सड़क और 101.42 किलोमीटर ड्रेनेज नेटवर्क तैयार किया जाएगा.
वहीं बवाना में 38.83 करोड़ रुपये के 9 कार्य, मुंडका में 22.05 करोड़ रुपये के 5 कार्य, नरेला में 14.48 करोड़ रुपये के 4 कार्य और नांगलोई जाट में 33.25 करोड़ रुपये के 8 कार्य किए जाएंगे.
दिल्ली सरकार में PWD और जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की रफ्तार को मुख्य सड़कों से आगे बढ़ाकर अनधिकृत कॉलोनियों की हर गली और हर घर तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि सड़क, सीवर और ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने से इन इलाकों की नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा.
वहीं समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि विकास कार्यों और बजट आवंटन में विधानसभा क्षेत्र के विधायक की पार्टी के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाएगा. उन्होंने किराड़ी में विकास के लिए 105 करोड़ रुपये से अधिक के बजट का उल्लेख करते हुए पिछली सरकार पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया.
विकसित दिल्ली के संकल्प का हवाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में 27 वर्षों बाद सत्ता परिवर्तन के बाद विकास कार्यों को नई गति मिली है. उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारकर लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 138वें एपिसोड को भी सुना. उन्होंने इसे जनसंवाद का माध्यम बताते हुए कहा कि इससे देशभर के नागरिकों के सकारात्मक प्रयासों और उपलब्धियों को सामने लाने में मदद मिलती है.
ये भी पढ़ें- सरकार का दरवाजा जनता के लिए हमेशा खुला, जनसुनवाई में बोलीं दिल्ली की CM रेखा गुप्ता

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More