हरियाणा कैबिनेट में ग्रामीण के लिए बड़ा फैसला लेते हुए ऐलान किया कि लाल डोरा क्षेत्रों में वर्षों से रह रहे लोगों को मकानों का कानूनी मालिकाना हक दिया जाएगा। इस बैठक में यह भी फैसली लिया गया कि पुलिस कस्टडी में यातना या लापरवाही से यदि किसी की मौत हो जाती है तो उसके परिजनों को 7.5 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

Nayab Singh Saini Cabinet.

हरियाणा कैबिनेट की बैठक में लिये गये 22 अहम फैसले।

  • Published: 28 Jul 2026, 04:49 PM IST
  • Last Updated: 28 Jul 2026, 04:49 PM IST

हरियाणा कैबिनेट के 22 बड़े फैसले: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के कमेटी रूम में हुई कैबिनेट बैठक में 26 में से 22 एजेंडों को मंजूरी दी गई। करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में उद्योग, आवास, वित्त, उच्च शिक्षा, पंचायत, न्यायिक सेवा और प्रशासनिक सुधारों समेत कई अहम मुद्दों पर फैसले लिए गए।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत हॉरिजॉन्टल आरक्षण, इलेक्ट्रिक वाहनों पर 100 प्रतिशत तक मोटर व्हीकल टैक्स छूट, प्रॉपर्टी टैक्स की नई प्रणाली और ग्रामीण लाल डोरा क्षेत्रों में मालिकाना हक जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

अग्निवीरों को 20 प्रतिशत हॉरिजॉन्टल का मिलेगा आरक्षण 
हरियाणा सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के पुनर्वास और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB), SDRF, फायरमैन और वाइल्डलाइफ गार्ड के पदों पर हरियाणा के पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत हॉरिजॉन्टल आरक्षण मिलेगा।

सरकार पहले ही ग्रुप-बी, ग्रुप-सी, पुलिस कांस्टेबल, फॉरेस्ट गार्ड, जेल वार्डर और माइनिंग गार्ड की भर्तियों में भी आरक्षण की व्यवस्था कर चुकी है।

इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों को बड़ी राहत
30 लाख रुपये तक की कीमत वाले 2, 3 और 4 पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण पर 100 प्रतिशत मोटर वाहन कर की छूट मिलेगी।  महिलाओं के नाम पर पंजीकृत 20 लाख रुपये तक के नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त कर छूट मिलेगी। 

प्रॉपर्टी टैक्स का नया फॉर्मूला लागू
सरकार ने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के लिए प्रॉपर्टी टैक्स की नई और पारदर्शी व्यवस्था लागू की है:

  • नई प्रणाली के तहत शहरों को A1, A2, B और C श्रेणियों में बांटा जाएगा।
  • टैक्स का निर्धारण प्लॉट या कारपेट एरिया, कलेक्टर रेट और फ्लोर फैक्टर के आधार पर होगा।
  • नगरपालिका सीमा में शामिल गांवों के लाल डोरा क्षेत्र के आवासीय मकानों को 75 प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स छूट मिलेगी।
  • महिलाओं के नाम संपत्ति पर 25 प्रतिशत, दिव्यांगों को 10 प्रतिशत और वेस्ट मैनेजमेंट अपनाने वाली सोसायटियों को 10 प्रतिशत रिबेट मिलेगी।
  • धार्मिक स्थल, अनाथालय, वृद्धाश्रम, श्मशान, कब्रिस्तान, धर्मशालाएं, सरकारी स्कूल, सरकारी अस्पताल और कृषि भूमि को प्रॉपर्टी टैक्स से पूरी तरह मुक्त रखा गया है।

लाल डोरा क्षेत्र के लोगों को मिलेगा मालिकाना हक
कैबिनेट ने ग्रामीण आबादी देह (लाल डोरा) क्षेत्रों में वर्षों से रह रहे लोगों को उनके मकानों का कानूनी मालिकाना हक देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U 2.0) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लाभार्थियों को 60 वर्गमीटर तक के मकानों पर स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन शुल्क में विशेष छूट दी जाएगी।

पुलिस हिरासत में मौत पर दिया जाएगा 7.5 लाख मुआवजा
सरकार ने पुलिस हिरासत में यातना, पिटाई, आत्महत्या या ड्यूटी में लापरवाही के कारण हुई मौत के मामलों में मृतक के परिजनों को 7.5 लाख रुपये मुआवजा देने का फैसला लिया है। हालांकि प्राकृतिक मृत्यु, बीमारी, हिरासत से फरार होने या प्राकृतिक आपदा से हुई मौत के मामलों में यह मुआवजा लागू नहीं होगा।

संशोधन करते हुए पटवारियों को मिलेगा नियमित वेतन
'हरियाणा राजस्व पटवारी सेवा नियम, 2011' में संशोधन करते हुए सरकार ने पटवारियों की प्रशिक्षण अवधि डेढ़ वर्ष से घटाकर एक वर्ष कर दी है। अब प्रशिक्षण के दौरान केवल स्टाइपेंड नहीं, बल्कि पूरा नियमित वेतन मिलेगा। यह संशोधन 1 जनवरी 2025 से प्रभावी माना जाएगा।

सरकार  देगी MSME और निर्यात को बढ़ावा
सरकार ने प्रोग्रेसिव MSME एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी-2026 को भी मंजूरी दी है। इसके तहत अगले पांच वर्षों में-

  • 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य।
  • 5 लाख नए रोजगार सृजित करने की योजना।
  • राज्य के निर्यात को दोगुना करने के लिए ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, फार्मा और एग्रो-प्रोसेसिंग सेक्टर को प्राथमिकता।
  • स्टेट वेंचर कैपिटल फंड और क्रेडिट गारंटी फंड की स्थापना।
  • गुरु रविदास जयंती पर निकलेगी कलश यात्रा

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि इस वर्ष गुरु रविदास जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश की शुरुआत गुरुग्राम स्थित शीतला माता मंदिर से होगी और इसके बाद पूरे हरियाणा में यात्रा निकाली जाएगी।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।