मेवाड़ के कृष्णधाम श्रीसांवलिया सेठ मंदिर में 9 अक्टूबर को खोले गए भंडार की गिनती गुरुवार को पूरी हो गई। पांच राउंड में हुई गिनती के बाद दानपेटी से कुल 23 करोड़ 58 लाख 44 हजार 818 रुपए मिले हैं। अंतिम राउंड में 44 लाख 22 हजार 718 रुपए निकले। वहीं, दा
.
इस बार भंडार और भेंटकक्ष से नकदी के साथ बड़ी मात्रा में सोना-चांदी भी मिला है। यहां से कुल 930 ग्राम 100 मिलीग्राम सोना और 92 किलो 242 ग्राम 320 मिलीग्राम चांदी प्राप्त हुई है। श्री राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया ने बताया कि मिले सोने की कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपए और चांदी की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है। वहीं, मनीऑर्डर, ऑनलाइन दान और अन्य भेंट के माध्यम से 7 करोड़ 59 लाख 47 हजार 311 रुपए मिले हैं।

पहले राउंड में ही मिले थे 9.35 करोड़ रुपए
श्रीसांवलिया सेठ मंदिर में 9 अक्टूबर को आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी पर भंडार खोला गया था। इसी दिन पहले राउंड की गिनती हुई, जिसमें 9 करोड़ 35 लाख 65 हजार 100 रुपए मिले। इसके बाद 10 अक्टूबर को शनिवार और अमावस्या होने के कारण गिनती नहीं हुई। 11 अक्टूबर को रविवार होने से भी गिनती नहीं की गई।
12 अक्टूबर को दूसरे राउंड की गिनती में 5 करोड़ 94 लाख 35 हजार रुपए मिले। 13 अक्टूबर को तीसरे राउंड में 6 करोड़ 10 लाख 12 हजार रुपए निकले। इसके बाद 14 अक्टूबर को चौथे राउंड की गिनती हुई, जिसमें 1 करोड़ 74 लाख 10 हजार रुपए मिले। चार राउंड तक कुल 23 करोड़ 14 लाख 22 हजार 100 रुपए की गिनती हो चुकी थी। गुरुवार को पांचवें और अंतिम राउंड में 44 लाख 22 हजार 718 रुपए मिले। इसके साथ ही भंडार की गिनती पूरी हो गई और कुल राशि 23 करोड़ 58 लाख 44 हजार 818 रुपए पहुंच गई।

सोने-चांदी का भी हुआ तौल।
19 देशों की करेंसी भी मिली
सांवलिया सेठ के भंडार में इस बार कई देशों की विदेशी करेंसी भी मिली है। मंदिर मंडल के अनुसार, कुवैत, कतर, यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका, यूनाइटेड अरब एमिरेट्स, भूटान, कनाडा, थाईलैंड, नेपाल, जॉर्डन, रवांडा, कोरिया, जॉर्जिया, घाना, इंग्लैंड, ओमान, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और चीन सहित अफ्रीकी देशों की मुद्रा मिली है। इन विदेशी मुद्राओं की भारतीय कीमत करीब 2 लाख 15 हजार 700 रुपए बताई गई है।
विदेशी करेंसी मिलने से पता चलता है कि सांवलिया सेठ के प्रति देश के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं की भी आस्था है। अलग-अलग देशों में रहने वाले भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार मंदिर में दान करते हैं।

काउंटिंग पांचवें राउंड में पूरी हो गई।
मंदिर मंडल के पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई गिनती
गुरुवार को राजभोग आरती के बाद अंतिम राउंड की गिनती शुरू हुई। पूरी प्रक्रिया श्रीसांवलिया जी मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव की मौजूदगी में पूरी की गई। इस दौरान मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी प्रथम राहुल धाकड़ और प्रशासनिक अधिकारी द्वितीय राजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों और मंदिर मंडल के सदस्यों की निगरानी में सभी राउंड की गिनती पूरी की गई।
पांच राउंड की गिनती के बाद दानपेटी से मिली राशि 23 करोड़ 58 लाख 44 हजार 818 रुपए रही। वहीं, भेंटकक्ष, मनीऑर्डर, ऑनलाइन दान और अन्य भेंट को जोड़ने पर मंदिर को कुल 31 करोड़ 17 लाख 92 हजार 129 रुपए का चढ़ावा मिला। इसमें नकदी के साथ सोना, चांदी और विदेशी करेंसी भी शामिल हैं।

आज आखिरी राउंड में छोटे नोटों और सिक्कों की हुई काउंटिंग।