जम्मू-कश्मीर में आतंक के सफाए के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, वहीं आतंकियों के मददगारों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है. इस बीच उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर और आसपास के इलाकों में पुलिस ने रविवार (9 अगस्त) को सोपोर में जमात-ए-इस्लामी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की.

प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (JeI) से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क की जांच के तहत पुलिस ने करीब 26 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया. यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत दर्ज एक मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है.

सोपोर में चला तलाशी अभियान

अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की मदद से सोपोर के कई इलाकों में एक साथ तलाशी ली. अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित संगठन से जुड़े लोगों और उसके कथित नेटवर्क के बारे में अहम सबूत जुटाना है. पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमों ने रविवार सुबह सोपोर के सादिक कॉलोनी, बोमई, गोरीपोरा, तरजू, शुटलू रोहामा और रफियाबाद के बेहरामपोरा समेत कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया. अधिकारियों ने बताया कि सोपोर के कुछ अन्य इलाकों में भी तलाशी जारी है.

UAPA के तहत दर्ज मामला

तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध परिसरों और संबंधित स्थानों की जांच की. अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पहले से चल रही जांच का हिस्सा है और इसका मकसद जमात-ए-इस्लामी से जुड़े कथित नेटवर्क और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाना है. सोपोर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इफ्तिखार तालिब ने भी तलाशी अभियान की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि UAPA के तहत दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली जा रही है.

सुरक्षा बलों की टीमें जांच में जुटीं

हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से किसी गिरफ्तारी या बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. अधिकारियों के मुताबिक, अभियान पूरा होने के बाद तलाशी के दौरान मिली सामग्री और अन्य कार्रवाई की जानकारी साझा की जा सकती है. फिलहाल सुरक्षा बलों की टीमें कई स्थानों पर जांच में जुटी हैं. पूरे अभियान के दौरान इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.

25 मई में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जैश-ए-आई से जुड़े आतंकी वित्तपोषण की जांच के सिलसिले में कश्मीर घाटी में कई जगहों पर छापेमारी की थी. उस समय कई शिक्षण संस्थानों और प्रतिबंधित संगठन के एक पूर्व प्रमुख के आवास की तलाशी ली गई थी,

मेहराज अहमद

मेहराज अहमद

पत्रकारिता में 12 से अधिक साल से कार्यरत. शुरुआत रिजिनल चैनल के बाद इंडिया न्यूज, टीवी9 नेटवर्क, न्यूज़18 आईबीएन खबर, अमर उजाला, ईटीवी भारत वर्तमान में tv9 Bharatvatsh (tv9 hindi.com) का हिस्सा हूं. मानवाधिकार, आतंकवाद-रोधी जैसे मुद्दों पर रिपोर्टिंग करना पसंद है.

Read More

google button