नितिन कुमार अवस्थी | मिर्जापुर1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मिर्जापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल की ओर से रविवार को लालडिग्गी स्थित लॉन में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की 7 सदस्यीय टीम ने लोगों की शुगर समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद चिकित्सकों ने लोगों को आवश्यक परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। शिविर में कुल 268 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी सेवा और सहायता करने का संकल्प है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए अभियान के तहत जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। कहीं स्वच्छता अभियान और श्रमदान हो रहा है तो कहीं लोगों से संवाद कर उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रयास है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा और सहायता पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया, ताकि लोग अपनी स्वास्थ्य जांच कराने के साथ चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श भी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद के साथ आवश्यकता के समय खड़ा होना ही सच्ची सेवा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आयुष्मान भारत, आवास, शौचालय और पेंशन जैसी योजनाओं से लोगों को लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय महामंत्री विद्याधर तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तर मौर्य, जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुनीता शर्मा, जिला मंत्री रोहित त्रिपाठी, चंद्रांशु गोयल, नितिन विश्वकर्मा, डॉली अग्रहरि समेत भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.