बीजिंग/नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर लगातार अतिक्रमण की कोशिश करने वाले चीन को भारत ने एक बड़ा और करारा जवाब दिया है। भारत सरकार ने अरुणाचल प्रदेश की 27 जगहों (झील, बस्तियां और स्मारक) के नाम बदलकर उन्हें अपने आधिकारिक मैप (सर्वे ऑफ इंडिया) में शामिल कर लिया है। भारत के इस सख्त और कूटनीतिक कदम से चीन बुरी तरह बौखला गया है।

चीन ने की निंदा, कहा- ‘जंगनान’ हमारा हिस्सा
भारत द्वारा नाम बदले जाने पर चीन की सरकार ने सोमवार को कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए एक निंदा बयान जारी किया। चीन ने इस कदम को पूरी तरह से “अस्वीकार्य और गैर-कानूनी” करार दिया है। चीन ने अपना पुराना राग अलापते हुए फिर से दावा किया है कि ये सभी इलाके उसके ‘जंगनान’ (चीन का दक्षिणी तिब्बत क्षेत्र) का हिस्सा हैं। आपको बता दें कि चीन अरुणाचल प्रदेश के लगभग 90 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को जंगनान बताते हुए उस पर अपना दावा ठोकता है।

2017 से खुद नाम बदलने का खेल खेल रहा है चीन
दिलचस्प बात यह है कि जो चीन आज भारत के कदम पर तिलमिला रहा है, वह खुद साल 2017 से अरुणाचल प्रदेश की कई जगहों के नाम बदलकर प्रोपेगेंडा फैलाने का हथकंडा अपनाता रहा है। हालांकि, भारत सरकार ने चीन के इन झूठे दावों को हर बार सिरे से खारिज करते हुए इसे आधारहीन बताया है। इस बार भारत ने खुद अरुणाचल प्रदेश सरकार की सलाह पर अपनी जगहों के सटीक नामों को आधिकारिक रूप से मैप में शामिल कर चीन को उसकी ही भाषा में जवाब दिया है।

चीनी मीडिया में उबाल, सीमा पर तनाव बढ़ने की आशंका
भारत के इस बड़े कूटनीतिक कदम से चीनी मीडिया में भी भारी उबाल देखने को मिल रहा है। चीन के सरकारी मुखपत्र ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ऐसे समय में जब भारत-चीन संबंधों में सुधार के संकेत मिल रहे थे, भारत के एकतरफा कदमों से सीमा पर हालात फिर से बिगड़ सकते हैं और इससे भारत को कोई फायदा नहीं होगा। गौरतलब है कि भारत ने साफ कर दिया है कि 1914 के शिमला समझौते के तहत बनी मैकमोहन लाइन ही अंतरराष्ट्रीय सीमा है (जिसे चीन नहीं मानता) और अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है, जिसके बारे में फैसला लेने का पूरा अधिकार केवल भारत सरकार के पास है।

You Might Be Interested In

  • सरकारी महिला कर्मचारियों को हाईकोर्ट का बड़ा झटका, दो से ज्यादा बच्चे होने पर नहीं मिलेगी मैटरनिटी लीव
  • बच्चों का स्क्रीन टाइम बढ़ने की वजह सिर्फ बच्चे नहीं, नई स्टडी में चौंकाने वाला खुलासा
  • बेंगलुरु के लग्जरी होटल में पिता ने की दो मासूम बेटियों की हत्या, सुसाइड नोट में लिखा पत्नी के बेवफाई का दर्द
  • कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के महाविनाशकारी भूकंप से 132 लोगों की मौत, मलबे में तब्दील हुए 1500 से ज्यादा घर
  • एयर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस के पीछे खुली तकनीकी खामियों की पोल, फ्रांस की टीमें भारत पहुंचकर करेंगी जांच
  • EPFO का बड़ा अलर्ट: PF खाताधारक भूलकर भी न करें ये काम, वरना पल भर में खाली हो जाएगा अकाउंट