आज 27 जिलों में अलर्ट, 3 में भारी-बारिश की चेतावनी: जयपुर में रातभर बरसात, झालावाड़ में डैम के गेट खोले; सितंबर में भी पारा 40 के ऊपर - Rajasthan News
आज 27 जिलों में अलर्ट, 3 में भारी-बारिश की चेतावनी:जयपुर में रातभर बरसात, झालावाड़ में डैम के गेट खोले; सितंबर में भी पारा 40 के ऊपर
जयपुर18 मिनट पहले
कॉपी लिंक
राजस्थान के 3 जिले धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर में शनिवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं 24 जिलों में यलो अलर्ट है।
वहीं, जयपुर सहित कई जिलों में शुक्रवार सुबह से रुक-रुककर बरसात हो रही है। रातभर हुई बारिश के कारण राजधानी के तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट आई है।
शुक्रवार को सवाई माधोपुर के खंडार एरिया में 24 घंटे (3 सितंबर शाम 6 बजे से 4 सितंबर शाम 6 बजे तक) के दौरान 175 मिमी बारिश हुई। यहां बरसाती नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई ग्रामीण इलाकों में ट्रैफिक बंद हो गया।
दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के कारण भरतपुर, कोटा, जयपुर संभाग के एरिया में बारिश हो रही है। इस सिस्टम के असर से मध्य प्रदेश में हुई तेज बारिश के कारण कालीसिंध नदी का जलस्तर भी बढ़ गया।
इसके कारण झालावाड़ में कालीसिंध बांध, छापी बांध के गेट खोले गए। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में सितंबर में भी तेज गर्मी है। यहां श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है।
राजस्थान में बारिश की PHOTOS
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कोटपूतली में दोपहर को तेज बारिश शुरू हुई। 45 मिनट तक हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया।
सवाई माधोपुर में तेज बारिश के बाद रास्तों पर पानी भर गया। रपट पर एक बाइक सवार बहते-बहते बचा।
प्रदेश में बारिश की स्थिति
मानसून के बड़े अपडेट्स
24 घंटे में यहां सबसे ज्यादा बारिश: जयपुर के ग्रामीण इलाकों में एक इंच तक बरसात हुई। वहीं बारां, कोटा, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा, टोंक के एरिया में भी कई स्थानों पर 1 से 3 इंच तक बरसात दर्ज हुई। चित्तौड़गढ़, बूंदी, बारां के एरिया में भी नदियों, झरनों में पानी की आवक बढ़ गई है।
आज भी पूर्वी राजस्थान एक्टिव रहेगा मानसून: मौसम विशेषज्ञों ने बताया- बंगाल की खाड़ी से आया लो-प्रेशर सिस्टम राजस्थान के पूर्वी सीमा पर एक्टिव है। मानसून ट्रफ वर्तमान में श्रीगंगानगर, नारनोल से निकल कर लो-प्रेशर सिस्टम से होते हुए उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, डालटनगंज होकर बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इसके कारण राजस्थान में 5 और 6 सितंबर को भी मानसून एक्टिव रहने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी, पारा 40 डिग्री तक पहुंचा: राजस्थान के पूर्वी हिस्से में जहां शुक्रवार को पूरे दिन बारिश होती रही। वहीं पश्चिमी जिलों बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर के एरिया में मौसम साफ रहा। श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा गर्मी रही। यहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल
जयपुर: राजधानी में शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का दौर आज भी जारी है। शुक्रवार दोपहर बाद राजधानी के कई इलाकों में जोरदार बरसात हुई। जयपुर एयरपोर्ट पर 12.3 मिमी और कलेक्ट्रेट पर 9 मिमी बरसात दर्ज हुई। बारिश के चलते जयपुर में अधिकतम तापमान 7 डिग्री गिरकर 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जयपुर में बीते 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण मौसम बदल गया है। लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली है।
कोटा:शहर में शुक्रवार को दिनभर रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। मौसम सुहावना रहा। अधिकतम तापमान 25.8°C और न्यूनतम तापमान 23.8°C दर्ज किया गया। सुबह से शाम तक 3.8 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में कुल 20.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम में ठंडक बढ़ी है।
कोटा में भी शुक्रवार के बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली। शहर के साथ जिले के दूसरे हिस्सों में बरसात हुई।
अजमेर: शहर में कई दिनों से मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। सितंबर के 4 दिन बीतने के बावजूद अब तक बारिश नहीं हुई है। शहर में शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप भी निकली। अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अजमेर में शुक्रवार को दिन में बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। बीते कई दिनों से जिले में बारिश नहीं होने के कारण गर्मी बढ़ गई है।
सीकर: शहर में शुक्रवार सुबह से बादल छाए रहे। शाम को हवा चलने से आसमान साफ हो गया। अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में दिनभर बादलों की वजह से धूप से राहत मिली। हालांकि उमस का असर बना रहा। वहीं सीकर में फिलहाल बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
सीकर में इस साल मानसून सीजन में काफी कम बरसात हुई। सितंबर में भी बारिश की काफी कम संभावना है।
जोधपुर: शहर में सितंबर की शुरुआत में गर्मी का असर बना हुआ है। शहर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक बारिश नहीं होने की संभावना जताई है।
जोधपुर में शुक्रवार को भी मौसम साफ रहा। इस साल मानसून सीजन में जिले में औसत से काफी कम बरसात हुई है।
उदयपुर: लेकसिटी में शुक्रवार को दिनभर मौसम सामान्य रहा। शहर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। इससे पहले सुबह के समय आसमान में बादल छाए और कुछ समय के लिए ठंडी हवा चली। इसके बाद दिनभर धूप निकली रही।
उदयपुर में बादल छाए रहे। हवा चलने के कारण लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली।
अलवर: शहर में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। देर शाम शहर में बूंदाबांदी हुई। साथ ही तापमान में भी कुछ गिरावट महसूस की गई और मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी अलवर में बारिश की संभावना जताई है।
अलवर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे। बदले मौसम के कारण यहां तापमान में भी गिरावट हुई है।
.
खबरें और भी हैं...
कान्हा के जन्म पर श्रीनाथजी मंदिर में 21-तोपों की सलामी: गोविंददेवजी में पंचामृत से अभिषेक, आतिशबाजी हुई; सांवलियाजी में 1100 ड्रोन से दिखाई कृष्ण लीला
1:54
कॉपी लिंक
शेयर
कांग्रेस का वादा- 500 रुपए में जमीन के पट्टे देंगे: डोटासरा बोले- हर घर से फ्री कचरा उठाएंगे; हर साल सफाईकर्मियों की भर्ती होगी
1:29
कॉपी लिंक
शेयर
खाटूश्यामजी में रुपए लेकर VIP-दर्शन कराने वाली गैंग का खुलासा: जब्त 3 मोबाइल में मिले पैसा लेने के सबूत; प्राइवेट गार्ड की भी मिलीभगत
1:03
कॉपी लिंक
शेयर
जयपुर मेयर के दावेदार प्रत्याशी कांटे की टक्कर में फंसे: बागियों ने जातीय समीकरण बिगाड़ा, 5 फैक्टर तय करेंगे जीत-हार, पढ़ें-हॉट सीट पर कैसा है मुकाबला