कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में यूरिया खाद के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। कृषि विभाग की टीम ने आर्य कॉलेज के सामने प्रताप मंडी के पास एक गोदाम से अवैध यूरिया के 271 कट्टे बरामद किए। यहां से बगैर लाइसेंस के यूरिया की सप्लाई की जा रही थी। विभाग की ज
.
जांच में सामने आया कि यह गोदाम भंडारण के लिए भी अथॉराइज्ड नहीं था। मौके पर स्टॉक रजिस्टर, स्टॉक डिस्प्ले बोर्ड, रेट सूची, बिल और कैश मेमो भी नहीं मिले। इसलिए विभाग की ओर से पुलिस को शिकायत देकर FIR दर्ज करवाई गई है। गोदाम पर किसी की ओर से दावा नहीं किया गया, कि गोदाम किसका है।

टीम ने मौके पर इस गाड़ी से पकड़ी खाद।
सूचना मिलने पर की गई छापेमारी
क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर एवं फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर शशिपाल ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि आर्य कॉलेज के सामने एक गोदाम में अवैध रूप से यूरिया का भंडारण किया गया है। साथ ही गोदाम से खाद की बिक्री भी की जा रही है। इस सूचना पर उनकी टीम ने रेड कर दी।
गाड़ी में लोड किए मिले 50 कट्टे
रेड के दौरान 4-5 लोग एक गाड़ी नंबर HR-58C-2038 में यूरिया के कट्टे लोड कर रहे थे। टीम को देखते ही चार लोग मौके से फरार हो गए, जबकि ड्राइवर ललित कुमार निवासी यमुनानगर को पकड़ लिया गया। टीम ने उस गाड़ी से 50 कट्टे यूरिया के बरामद किए। ड्राइवर मौके पर उस खाद की कोई रसीद नहीं दिखा पाया।

गोदाम से 221 और गाड़ी से 50 कट्टे खाद बरामद हुई।
गोदाम से मिली 221 कट्टे खाद
टीम ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को देकर मौके पर बुला लिया। टीम ने उस गाड़ी और ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद गोदाम की तलाशी लेने पर अंदर 221 कट्टे यूरिया खाद और मिली। टीम को दोनों जगह से कुल 271 कट्टे यूरिया बरामद हुए। टीम ने गोदाम को सील कर दिया।
सामने नहीं आया कोई विक्रेता
पूछताछ में ड्राइवर ललित कुमार ने बताया कि वह सिर्फ यूरिया को यमुनानगर पहुंचाने के लिए किराए पर आया था। उसे गोदाम मालिक या यूरिया के मालिक के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यह गोदाम और यूरिया खाद विक्रेता प्रवीण का होने की आशंका है। ड्राइवर ने उनसे फोन पर बात भी करनी चाही, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।
उधर, पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि मौके पर कोई भी गोदाम या खाद पर अपना दावा करने नहीं पहुंचा।